रोपड़ में सतलुज किनारे अवैध माइनिंग पर छापा:पोकलेन और टिपर जब्त, XEN बोले- 24 घंटे से निगरानी कर रहे थे

पंजाब में माइनिंग विभाग ने सतलुज नदी के किनारे अवैध माइनिंग पर बड़ी कार्रवाई की है। रोपड़ जिले के गांव महैण के पास चल रही अवैध खनन गतिविधियों पर छापा मारकर विभागीय टीम ने एक पोकलेन मशीन और एक टिपर जब्त किया। इस अचानक हुई कार्रवाई से अवैध माइनिंग से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई माइनिंग विभाग के सचिव ASI जसप्रीत तलवाड़ और डायरेक्टर माइनिंग अभिजीत कपिलेश के आदेशों पर की गई। मुख्य इंजीनियर एच.एस. मेंदिरत्ता और सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर एस.ई. रमन बैंस के नेतृत्व में विभाग की टीम कई दिनों से क्षेत्र में निगरानी कर रही थी। सतलुज नदी के इस हिस्से में अवैध खनन की शिकायतों के बाद विशेष रणनीति बनाकर यह छापेमारी की गई। टीम 24 घंटे से निगरानी कर रही थी XEN गुरतेज सिंह गरचा ने बताया कि उनकी टीम, जिसमें SDO नरेंद्र कुमार और जेई रणजोत सिंह शामिल थे, कई दिनों से 24 घंटे निगरानी कर रही थी। पुलिस और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से की गई इस कार्रवाई में अवैध रूप से इस्तेमाल हो रही मशीनरी जब्त की गई। संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकार के आदेश सख्त हैं और अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध माइनिंग की जानकारी मिलने पर तुरंत माइनिंग विभाग या प्रशासन को सूचित करें। अधिकारियों ने यह भी बताया कि सतलुज नदी में डी-सिल्टिंग का उद्देश्य बाढ़ की आशंका कम करना और नदी के बहाव को सुचारू बनाए रखना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *