रोहतक जिले के महम में बाइपास पर हुए एक सड़क हादसे में कैंटर ड्राइवर की मौत हो गई। यह घटना नेशनल हाईवे-9 पर हुई। पुलिस ने अज्ञात ट्राला ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पंजाब के फरीदकोट जिले के साहिबजादा फतेह सिंह नगर निवासी सेवक सिंह ने महम थाना पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई जगदीप सिंह (30 वर्ष) राज ट्रकिंग कंपनी में कैंटर ड्राइवर के रूप में कार्यरत था। दिल्ली से राजस्थान जा रहा था कैंटर जगदीप सिंह दिल्ली से प्लास्टिक की पाइप लोड कर राजस्थान के श्री गंगानगर जा रहा था। देर रात करीब 1 बजे जब वह महम बाइपास पर शेरे पंजाब होटल के पास पहुंचा, तो उसकी गाड़ी के आगे एक बड़ा ट्राला चल रहा था। ट्राला ड्राइवर ने अचानक लगाए ब्रेक शिकायत के अनुसार, ट्राला ड्राइवर ने बिना इंडिकेटर दिए अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे जगदीप के कैंटर की सीधी टक्कर ट्राला के पिछले हिस्से से हो गई। इस हादसे में जगदीप को गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने घायल जगदीप को उपचार के लिए महम के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज सेवक सिंह ने आरोप लगाया है कि यह हादसा ट्राला ड्राइवर की लापरवाही के कारण हुआ है और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस ने अज्ञात ट्राला ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


