रोहित शर्मा, शुभमन गिल जयपुर में खेलेंगे क्रिकेट:विजय हजारे ट्रॉफी के 24 दिसंबर से होंगे मुकाबले, अर्जुन तेंदुलकर भी आएंगे

जयपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पिंकसिटी एक बार फिर देश के दिग्गज क्रिकेटरों के रोमांचक मुकाबलों की साक्षी बनने जा रही है। रोहित शर्मा और शुभमन गिल सोमवार देर रात जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।विजय हजारे ट्रॉफी के सी ग्रुप के मुकाबले की मेजबानी इस बार राजस्थान क्रिकेट संघ (RCA) को मिली है। टूर्नामेंट का आयोजन 24 दिसंबर से 8 जनवरी तक जयपुर में किया जाएगा। रोहित शर्मा और शुभमन गिल विजय हजारे ट्रॉफी के मुकाबलों में जयपुर की पिच पर खेलते नजर आएंगे। इस प्रतिष्ठित घरेलू वनडे टूर्नामेंट में भारतीय क्रिकेट टीम के कई बड़े सितारे खेलते नजर आएंगे। जानकारी के अनुसार रोहित शर्मा टूर्नामेंट के शुरुआती दो मैच ही खेलेंगे। इनके अलावा ऋतुराज गायकवाड़, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, शार्दुल ठाकुर और सरफराज खान जैसे इंटरनेशनल क्रिकेटर भी जयपुर के मैदान पर खेलते नजर आएंगे। वहीं सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर भी गोवा टीम की ओर से विजय हजारे ट्रॉफी के मैच खेलने जयपुर आएंगे। इन टीमों के बीच होंगे मुकाबले
विजय हजारे ट्रॉफी के सी ग्रुप में कुल आठ टीमें शामिल हैं। इनमें मुंबई, महाराष्ट्र, पंजाब, गोवा, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, सिक्किम और उत्तराखंड शामिल हैं। पंजाब टीम से शुभमन गिल के साथ अर्शदीप सिंह और अभिषेक शर्मा खेलते नजर आएंगे। महाराष्ट्र की ओर से ऋतुराज गायकवाड़ और पृथ्वी शॉ मैदान में उतरेंगे। वहीं छत्तीसगढ़ से शशांक सिंह जैसे उभरते सितारे खेलेंगे। अर्जुन तेंदुलकर भी आएंगे जयपुर
क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक और खास आकर्षण रहेगा अर्जुन तेंदुलकर का खेल। सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर गोवा टीम की ओर से विजय हजारे ट्रॉफी के मैच खेलने जयपुर पहुंचेंगे। टूर्नामेंट के मैच जयपुर के पांच प्रमुख मैदानों पर आयोजित किए जाएंगे। इनमें सवाई मानसिंह स्टेडियम, जयपुरिया क्रिकेट ग्राउंड, केएल सैनी स्टेडियम, अनंतम ग्राउंड, सोनी स्टेडियम शामिल हैं। मुंबई टीम के शुरुआती दो मुकाबले एसएमएस स्टेडियम में खेले जाएंगे। आज से शुरू हुई प्रैक्टिस
ग्रुप सी में शामिल सभी आठ टीमों की प्रैक्टिस सोमवार से आरसीए एकेडमी ग्राउंड पर शुरू हो गई है। इसके लिए तीन अलग-अलग नेट्स तैयार किए गए हैं। टीमों को तीन सत्रों में अभ्यास का समय दिया गया है, जिसमें एक साथ तीन टीमें अभ्यास करेंगी। राजस्थान क्रिकेट संघ से मिली जानकारी के अनुसार लंबे समय बाद जयपुर में टीम इंडिया के इतने बड़े सितारे खेलते नजर आएंगे। इसे देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *