लंदन में 7 करोड़ की लागत से बनेगा राजस्थान भवन:राजस्थान चैरिटेबल ट्रस्ट यूके बनाएगा; घूमर उत्सव में देर रात तक नाचे प्रवासी

राजस्थान चैरिटेबल ट्रस्ट यूके (RCT UK) की ओर से लंदन में राजस्थान भवन का निर्माण होगा। इसकी लागत करीब 7 करोड़ रुपए होगी। लंदन आने वाले राजस्थानी छात्रों और पर्यटकों के लिए अस्थायी आवास की व्यवस्था भी भवन में की जाएगी। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों और शादियों का भी आयोजन किया जा सकेगा। इसकी आय का 10% हिस्सा जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा पर खर्च किया जाएगा। उत्सव में सभी ने प्रस्ताव पर सहमति जताई है, जिसके लिए लंदन में स्थान जल्द ही निर्धारित किया जाएगा। दरअसल, लंदन के टूडोर पार्क में शनिवार की शाम RCT UK की ओर से एनुअल फेस्ट ‘घूमर-2025’ का आयोजन किया गया। संयोजक हनवंत सिंह राजपुरोहित थे। फेस्ट में लंदन के अलावा स्कॉटलैंड, मैनचेस्टर, कैंब्रिज, ऑक्सफोर्ड और बर्मिंघम जैसे दूर-दराज के शहरों से करीब एक हजार से ज्यादा प्रवासी भारतीय और स्थानीय लोग शामिल हुए। पहले देखिए घूमर उत्सव से जुड़ी PHOTOS फेस्ट से जुटाई से राशि से सरकारी स्कूलों में करेंगे डेवलपमेंट
हनवंतसिंह राजपुरोहित ने बताया कि फेस्ट से जुटाई गई राशि का उपयोग भारत में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की शिक्षा के लिए किया जाएगा। फेस्ट में अंतर्राष्ट्रीय कलाकार संजय मुकंदगढ़, मनीषा सैनी और हेमंत डांगी की टीम कुरजां ने राजस्थानी धुनों पर घूमर की ताल छेड़ी। हेमंत डांगी के कीबोर्ड और संजय- मनीषा ने लोक गीतों की प्रस्तुति दी। हालांकि तीनों कलाकारों ने बिना किसी मेहनताने के आयोजन में हिस्सा लिया, जिससे सारी रकम शिक्षा के नेक काम में लगाई जा सके। इस मौके पर घूमर प्रतियोगिता के विजेताओं में प्रथम स्थान पर अंकिता अग्रवाल, द्वितीय पर दशरथ जोशी और तृतीय स्थान पर निधि बबेरवाल रहीं। घूमर और पधारो म्हारो देस सहित अनेक राजस्थानी गीतों पर नाचे
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पारंपरिक वेशभूषा में घूमर नृत्य था। जबकि पधारो म्हारो देस… सहित अनेक राजस्थानी गीतों पर भी राजस्थानी प्रवासी और अन्य समुदायों के लोगों ने पारंपरिक परिधानों में देर रात तक डांस किया। यादगार बनाने के लिए घूमर के साथ-साथ पारंपरिक राजस्थानी लोकगीत, नृत्य और मजेदार खेलों का भी आयोजन किया गया। भारतीय स्ट्रीट फूड और हेरिटेज स्टॉल्स भी लगाए गए थे। भामाशाहों को किया सम्मानित
ट्रस्ट की ओर से स्पॉन्सर्स और दानदाताओं को सम्मानित किया गया। इनमें रामचंद्र घासल, बबिता चाहर, बिंदु चौधरी, राजेंद्र कडवासरा और अमित कुमार जैसे भामाशाहों को सम्मानित किया गया। आयोजन टीम में दशरथ जोशी, पूजा जोशी, मानवेन्द्र सिंह, पूजा शर्मा, सोनिया, अंकिता अग्रवाल, नेहा झंवर, डेजी ढाका, यश्वी राजपुरोहित, सफिया, अतुल अग्रवाल, रचना ढाका, अमित चौधरी, अतुल कुमार, राजदीप वर्मा, चारुलता राजपुरोहित, निर्मल बबेरवाल, सुरजीत सिंह ढाका, सुरेश कुमार, सुमन कडवासरा, दीपक शर्मा, मितेश राजपुरोहित, राजेंद्र कड़वासरा, पीयूष झंवर और विमल सैन शामिल रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *