सतना में लकड़ी की टाल में काम करते समय घायल हुए एक मजदूर की इलाज के दौरान रीवा में मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही परिवारजन सतना-सेमरिया रोड पर शव रखकर बैठ गए और आर्थिक मदद की मांग करते हुए प्रदर्शन करने लगे। इससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। कोलगवां पुलिस को स्थिति संभालने में काफी मेहनत करनी पड़ी। लकड़ी का पोल गिरने से हुआ हादसा
पुलिस ने बताया कि मृतक का नाम लल्लू कोल (40 वर्ष) है, जो सिद्धार्थनगर का रहने वाला था और सतना के वार्ड 8 में स्थित अग्रवाल टाल में काम करता था। 24 नवंबर को काम करते समय एक बड़ा लकड़ी का पोल उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पहले उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत गंभीर होने पर रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन गुरुवार को उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया गया। शाम करीब 7 बजे परिवारजन शव लेकर सतना पहुंचे और संतोषी माता मंदिर के पास सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे ट्रैफिक पूरी तरह बाधित हो गया। 50 हजार रुपए देगा टाल मालिक
सूचना मिलने पर सीएसपी डीपी सिंह चौहान, टीआई सुदीप सोनी, तहसीलदार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लगभग डेढ़ घंटे की बातचीत के बाद टाल मालिक मंटू अग्रवाल ने अंतिम संस्कार के लिए 50 हजार रुपये देने की सहमति दी, जिसके बाद परिवार ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। मृतक के पीछे उसकी पत्नी नीता कोल, 20 साल की बेटी देवकी और 18 साल का बेटा वीरेंद्र हैं।


