रिगनी/खरौद| शासकीय लक्ष्मणेश्वर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खरौद की स्थापना के 60 वर्ष पूर्ण होने पर 28 जनवरी को हीरक जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओपी चौधरी होंगे, जबकि अध्यक्षता चंद्रशेखर देवांगन करेंगे। महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव 29 जनवरी को आयोजित होगा, जिसमें नगर पंचायत खरौद के अध्यक्ष गोविंद यादव मुख्य अतिथि होंगे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जीसी भारद्वाज ने बताया कि लक्ष्मणेश्वर महाविद्यालय की स्थापना जुलाई 1965 में दानदाताओं के सहयोग से एक निजी महाविद्यालय के रूप में हुई थी। यह उस समय अविभाजित मध्यप्रदेश का पहला ग्रामीण महाविद्यालय था। स्थापना का उद्देश्य सभी वर्गों, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना था, जिसमें महाविद्यालय ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। आज इस संस्थान के कई विद्यार्थी शासन-प्रशासन में उच्च पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। मंडल अध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आयोजन को लेकर महाविद्यालय परिवार में खासा उत्साह है। हीरक जयंती के अवसर पर महाविद्यालय तथा अंचल की ऐतिहासिक, धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को समेटने वाला प्रकाशित ग्रंथ दर्पण-ग्रंथ का भी विमोचन किया जाएगा।


