लखनऊ में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय में शुक्रवार को स्टूडेंट्स ने कैंपस में गृह मंत्री का पुतला फूंक कर नारेबाजी की। NSUI, SFI और BAPSA संगठनों से जुड़े स्टूडेंट्स ने शुक्रवार शाम गृह मंत्री के विरोध में और बाबा साहब अंबेडकर के पक्ष में नारे लगाए। इससे पहले बुधवार को भी संसद में गृह मंत्री के बयान के बाद छात्रों में आक्रोश दिखा था पर मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गई थी। इसलिए प्रदर्शन कर रहे छात्र पुतला नहीं फूंक पाए। हालांकि स्टूडेंट्स और पुलिस के बीच देर रात तक तीखी नोंकझोंक देखने को मिली थी। दरअसल, बुधवार को दिल्ली में गृह मंत्री के बाबा साहब भीमराव अंबेडकर पर दिए गए कथित टिप्पणी के बाद SFI, BAPSA, NSUI, युवजन सभा के संगठन से जुड़े छात्रों के आक्रोश था। इस बीच बुधवार को जोरदार प्रदर्शन करने में सफल रहे छात्रों ने शुक्रवार को एक बार फिर पर उतारू हो गए। शाम 5 बजे के करीब कैंपस में सेंट्रल लाइब्रेरी के पास स्टूडेंट्स ने मीटिंग बुलाई थी। प्रदर्शन में शामिल NSUI के राष्ट्रीय संयोजक अमय सोनकर ने बताया कि संसद में गृह मंत्री के द्वारा बाबा साहब पर की गई अभद्र और निंदनीय टिप्पणी के विरोध में NSUI, BAPSA, SFI ने गृह मंत्री का पुतला फूंका है। इस दौरान आलोक कुमार, शुभम, अमित, वात्सल्य मौजूद रहे।


