लखनऊ पुलिस ने डबल एनकाउंटर किया। अलग-अलग मुठभेड़ में 3 बदमाशों के पैर में गोली मारी। पहली मुठभेड़ गुरुवार तड़के 2 बजे कृष्णा नगर इलाके में हुई। इसमें एक के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को गिरफ्तार कर लिया। दूसरी 40 मिनट बाद गोमती नगर में हुई। इसमें पुलिस ने दो बदमाशों को पैर में गोली मारकर पकड़ लिया। मुठभेड़ में घायल तीनों बदमाशों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के मुताबिक, पुलिस ने चारों बदमाशों को घेरा तो फायरिंग करने लगे। जवाबी फायरिंग में तीन को गोली लग गई। कृष्णानगर से पकड़े जाने वाले शमीम और आकाश गौतम ने रिटायर्ड फौजी के घर पर पेट्रोल बम फेंका था। वहीं, गोमती नगर से पकड़े जाने वाले अमन सिंह और वीर यादव ने गन पॉइंट पर लूट की थी। दोनों मुठभेड़ में शमीम, अमन और वीर को गोली लगी है। कृष्णा नगर एनकाउंटर- रोका तो फायरिंग की, जवाब में पैर में मारी गोली
कृष्णा नगर के विजय नगर इलाके में रात 2 बजे पुलिस चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक पर सवार बदमाश शमीम और आकाश गौतम दिखे। इन्हें रुकने का इशारा किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए शमीम के पैर में गोली मार दी और आकाश को गिरफ्तार कर लिया। शमीम को कृष्णा नगर CHC में भर्ती कराया गया है। शमीम पर लूट, नकबजनी और बलात्कार के 24 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आकाश पर 12 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन दोनों बदमाशों ने 15 दिसंबर को कृष्णा नगर क्षेत्र में रिटायर्ड फौजी और विधानसभा में सिक्योरिटी गार्ड मनोज मिश्रा के घर पर फायरिंग की थी। पेट्रोल बम भी फेंका था। इसके बाद से पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। कृष्णानगर एनकाउंटर की दो तस्वीरें… गोमती नगर एनकाउंटर: घेरा तो कार दौड़ाई, पीछा कर मारी गोली
गोमती नगर के जनेश्वर मिश्रा पार्क पुल के नीचे पुलिस चेकिंग कर रही थी, तभी बदमाश अमन सिंह और वीर यादव कार से जा रहे थे। पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो फायरिंग शुरू कर दी। कार की स्पीड और बढ़ा दी। पुलिस ने पीछा कर अमन सिंह और वीर यादव के पैर में गोली मार दी। पुलिस ने आरोपियों से ब्रेजा कार, असलहा और मोबाइल बरामद किए। घायल बदमाशों को गोमती नगर CHC में भर्ती कराया है। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने 21 दिसंबर को गोमती नगर के नीरज चौक पर गन पॉइंट पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। गोमती नगर एनकाउंटर की दो तस्वीरें… लखनऊ में 4 दिन में तीन एनकाउंटर 7 गिरफ्तार, 1 की मौत
क्रिसमस और नये साल को देखते हुए लखनऊ पुलिस अलर्ट मोड पर है। बीते चार दिनों में ताबड़तोड़ तीन एनकाउंटर हुए हैं। इसमें कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 1 बदमाश को पेट में गोली लगी थी, जिससे उसकी मौत हो चुकी है। 4 बदमाशों को पैर पर गोली मारकर गिरफ्तार किया गया। चिनहट के ओवरसीज बैंक में लॉकर तोड़कर चोरी करने वाले बदमाशों का पहला एनकाउंटर सोमवार को हुआ। इसमें 1 को पैर में गोली लगी। 3 गिरफ्तार किए गए। दूसरा एनकाउंटर मंगलवार को हुआ, जिसमें एक बदमाश मारा गया। तीसरा एनकाउंटर गुरुवार तड़के हुआ जिसमें तीन को पैर में गोली मारकर और 1 बदमाश को सही सलामत गिरफ्तार किया गया। ……………………………………… यह भी पढ़ें वाराणसी में 8 साल की बच्ची के हत्यारे का एनकाउंटर:पुलिस ने दौड़ाकर पैर में मारी गोली; कल बोरी में मिली थी मासूम की लाश वाराणसी में 8 साल की बच्ची की हत्या के आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। रात 2 बजे पुलिस ने आरोपी को घेर लिया। पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने फायरिंग की तो आरोपी भागने लगा। पुलिस ने दौड़ाकर उसके पैर में गोली मार दी। पढ़ें पूरी खबर…


