‘मेरे परिवार के साथ पड़ोसियों ने मारपीट की। पूरे मोहल्ले को इकट्ठा करके घर पर ईंट-पत्थर फेंके। जान से मारने की धमकी दी। पुलिस को सूचना दी। लेकिन कार्रवाई करने के बजाय पुलिस मेरे परिवार को ही परेशान करने लगी। इससे दुखी होकर मैं परिवार के साथ हिंदू धर्म अपनाने का ऐलान करता हूं। योगी जी मैं तो आप से मिलना चाहता था, लेकिन मिल नहीं पाया। इन जैसे मुसलमानों को मत छोड़ना।’ यह बातें आगरा के बदरूद्दीन ने 18 दिसंबर को पीएम मोदी और सीएम योगी को भेजे पत्र में लिखी हैं, जिसने बुधवार को लखनऊ के एक होटल में बेटे के साथ मिलकर पत्नी और 4 बेटियों की हत्या कर दी। पढ़िए, 14 दिन पहले लेटर में क्या लिखा..
मैं बदरूद्दीन। आगरा के थाना ट्रांसयमुना के इस्लामनगर में मकान नंबर-183 रहता हूं। मुस्लिम समुदाय से आता हूं। मेरे पड़ोसी आफताब अहमद उर्फ रानू और उसके छोटे भाई अजर, आरिफ अपने परिवार के साथ रहते हैं। मोहल्ले में ही इनके कई रिश्तेदार भी रहते हैं। ये लोग बहुत ही झगड़ालू और बदमाश किस्म के लोग हैं। मैं अपने मकान में एक छोटी-सी परचून की दुकान चलाकर परिवार का खर्च चलता हूं। 16 दिसंबर को शाम 5 बजे पड़ोसी लोगों ने षड्यंत्र रचकर अपने रिश्तेदार के ऑटो से मेरी दुकान में टक्कर मरवाई। इससे मेरी छोटी बेटी आलिया (9) के हाथ में चोट लग गई। मैंने थाने में शिकायत की। इस पर पुलिस ने हमला करने वाले पड़ोसियों से राजीनामा करा दिया। पड़ोसियों ने मेरी लड़कियों के साथ बदतमीजी की
18 दिसंबर को सुबह 8 बजे आरोपी मेरे घर पर आ गए। ईंट-पत्थर बरसाने लगे। मेरी लड़कियों के साथ बदतमीजी करने लगे। जब इन्हें रोकने की कोशिश की तो मारपीट की। जान से मारने की धमकी देने लगे। मैंने दो बार पुलिस को 112 नंबर पर फोन किया। पुलिस मौके पर आई। हमला करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टा मुझे और मेरे परिवार को डांट-फटकार लगाकर चले गए। इससे मैं और मेरा परिवार काफी परेशान हैं। पड़ोसी बहुत ही शातिर किस्म के हैं। अवैध धंधा करते हैं। पड़ोसी रोज झगड़ा करते हैं। मेरा परिवार हिंदू धर्म अपनाना चाह रहा। मैंने अपनी दुकान में श्रीराम का मंदिर बनाने का ऐलान किया है। यह कदम मैंने सोच समझकर और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए उठाया है। सभी जायदाद हिंदू मंदिर ट्रस्ट की हो जाएगी
मैं अपने बच्चों को लेकर घर से बाहर भटक रहा हूं। अगर मुझे और मेरे परिवार को कुछ हो जाता है तो पड़ोसी इसके जिम्मेदार होंगे। मेरी सभी जायदाद हिंदू मंदिर ट्रस्ट की हो जाएगी। आपसे अपील है कि ट्रांसयमुना के थाना अध्यक्ष को निर्देश दें कि मेरी रिपोर्ट दर्ज कर विपक्षी के खिलाफ कार्रवाई करें। मेरे द्वारा हिंदू धर्म अपनाने पर मेरी और मेरे परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराएं। आगरा के घर पर ताला, विवाद के बाद भाग आया था अरशद
बदरूद्दीन के आगरा स्थित घर पर दैनिक भास्कर एप की टीम पहुंची, तो वहां मकान पर ताला लगा हुआ था। पड़ोस में रहने वाले बाबू मासूम खान ने बताया- जब मुझे घटना के बारे में पता चला तो मैं अरशद के घर पर आया। देखा तो ताला लगा हुआ था। पता चला कि अरशद 8-10 दिन पहले अजमेर की बात कहकर घर से निकल गया था। वह फेरी लगाने का काम करता था। आए दिन मोहल्ले में झगड़ा करता रहता था। एक अन्य पड़ोसी मो. इस्लाम ने बताया- अरशद बहुत ही झगड़ालू किस्म का है। वह अपने परिवार से मोहब्बत नहीं करता था। परिवार ने बताया था कि वह अजमेर शरीफ जा रहा है। वह लखनऊ कैसे पहुंच गया। इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। पड़ोसी आफताब ने बताया-अरशद से 18 दिसंबर को मीटर लगाने को लेकर हल्का सा विवाद हो गया था। उसने ऊपर से पत्थर फेंके। सूचना पर पुलिस भी आई थी। लेकिन अरशद भाग गया था। फिर रात को लौट कर आया। जबरन अपनी मां और तीन बहनों को लेकर यहां से चला गया। शादी के 6 महीने बाद पत्नी ने छोड़ दिया
पड़ोसियों ने बताया कि अरशद की शादी हो चुकी है। शादी के 6 महीने बाद ही उसकी पत्नी ने छोड़ दिया था। परिवार मोहल्ले के लोगों से संपर्क नहीं रखता था। बाप-बेटा अक्सर झगड़ा करते रहते थे। ———————- ये खबर भी पढ़िए- लखनऊ के होटल में परिवार के 5 लोगों की हत्या: बेटे के साथ बाप ने पत्नी और 4 बेटियों को मारा लखनऊ के होटल में एक परिवार के 5 लोगों की हत्या कर दी गई। पिता ने बेटे के साथ मिलकर पूरे परिवार को खत्म कर दिया। वारदात के बाद बेटा होटल में बैठा रहा। पुलिस पूछताछ में बेटे ने पिता के साथ वारदात की बात कबूली। कहा- पिता आत्महत्या के लिए होटल से निकले हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। DCP रवीना त्यागी ने बताया कि पिता का नाम बदरूद्दीन और बेटे का नाम अरशद (24) है। अरशद ने बताया कि 31 दिसंबर की रात अपनी मां आसमां, 4 बहन- आलिया (9), अक्क्षा (16), अल्शिफा (19) और राहीमीन (18) की हत्या की। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो अरशद ने वारदात में पिता के भी शामिल होने की बात कही। पुलिस ने अरशद को गिरफ्तार कर लिया। पढ़ें पूरी खबर…


