अलवर शहर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में तुलेड़ा रोड के पास शुक्रवार रात करीब 9 बजे ट्रक चालक और 18 चक्का डंपर चालक के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार विवाद के बाद ट्रक चालक ने ट्रांसपोर्ट नगर मस्जिद के पास डंपर के आगे ट्रक आड़ा लगाकर खड़ा कर दिया, जिससे पूरा सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया। डंपर में सवार दो व्यक्ति जब नीचे उतरे तो ट्रक चालक के साथ उनकी हाथापाई हो गई। इसी दौरान ट्रक चालक ने अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। देख PHOTOS.. कुछ ही देर में एक बोलेरो गाड़ी में सवार करीब छह युवक मौके पर पहुंचे और डंपर चालक व उसके साथी के साथ बेरहमी से मारपीट की। युवकों ने लात-घूंसे मारते हुए डंपर चालक को सड़क पर पटक दिया और जमीन पर पड़े-पड़े भी लातें मारीं। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मारपीट के बाद बदमाश युवकों ने पहले ट्रक चालक को ट्रक सहित वहां से भगा दिया और इसके बाद डंपर चालक व उसके साथी के साथ मारपीट करते रहे। बाद में दोनों को सड़क पर गिराकर आरोपी बोलेरो गाड़ी में बैठकर भागने लगे। इसी दौरान डंपर चालक ने डंपर स्टार्ट कर बोलेरो पर चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन बोलेरो सवार युवक मौके से फरार होने में सफल रहे। घटना को देखने के लिए आसपास के लोग और युवक बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल झगड़े में शामिल युवक अज्ञात बताए जा रहे हैं। घायलों के डंपर पर लिखा था लखपत बिल्डर्स मामले को लेकर पुलिस को सूचना नहीं दी गई है।


