लगातार बारिश से मैदान गीला हुआ, महिला अभ्यर्थियों की वन रक्षक भर्ती परीक्षा रद्द हुई

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव भारी बारिश के कारण वन रक्षक भर्ती परीक्षा को रद्द करना पड़ गया। सोमवार को केवल महिला अभ्यर्थियों की लंबी कूद की परीक्षा होनी थी। तीन दिनों तक यह इवेंट चलना था। इस परीक्षा में शामिल होने बारिश के बीच आधी रात को अभ्यर्थी शहर पहुंचे। जैसे-तैसे उन्होंने रात गुजारी और सुबह 4 बजे शारीरिक दक्षता परीक्षा देने बजरंगपुर नवागांव ग्राउंड पहुंचे लेकिन भारी बारिश के चलते ग्राउंड गीला होने के कारण परीक्षा को रद्द कर िदया गया। सुबह 6 बजे से शुरू होने वाली परीक्षा रद्द होने के कारण महिला अभ्यर्थियों को निराश होकर लौटना पड़ गया। खैरागढ़ वन मंडल में वन रक्षक के 107 पदों के लिए भर्ती होनी है। बजरंगपुर-नवागांव स्थित मिनी स्टेडियम में यह परीक्षा आयोजित की जा रही है। सोमवार से 2273 अभ्यर्थियों को लंबी कूद की परीक्षा देनी थी। वन विभाग ने परीक्षा की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली थीं। अभ्यर्थियों को पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर इस परीक्षा की सूचना देकर आमंत्रित किया गया। रोज एक हजार अभ्यर्थी इस परीक्षा से गुजरने वाले थे। वन रक्षक भर्ती में बड़ी संख्या में वन विभाग के अफसरों की ड्यूटी लगाई गई और बाहरी लोगों की एंट्री बैन की गई है। जानकारी अनुसार इसे आगामी आदेश तक रद्द किया गया है। नवंबर 2024 में शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई थी। इवेंट कंपनी ने शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान लंबी कूद का मापन डिजिटल सिस्टम से करने की जगह टेप से किया था। उस समय यह भर्ती प्रक्रिया विवादों में रही। इस कारण यह परीक्षा दोबारा ली जा रही है। इसमें 25 से 28 नवंबर 2024 के बीच शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल हुए 2273 अभ्यर्थियों को ही लंबी कूद की परीक्षा शामिल किया जाना था। जानकारी अनुसार इस बार भी हैदराबाद की कंपनी को काम दिया गया है। यह कंपनी डिजिटल मापन सिस्टम से लंबी कूद का मापन करेगी। अभ्यर्थियों के पैरों में चिप लगाकर बेल्ट लगाया जाएगा। परीक्षा की हर गतिविधि की विडियोग्राफी की जाएगी। परीक्षा दोबारा 4 दिनों तक आयोजित होनी थी। पहले इसमें टेप से मापन होने के कारण गड़बड़ी मिली। इसके बाद शासन ने दोबारा परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया था। इसके पहले पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा में बड़े स्तर पर गड़बड़ी मिली थी। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया रद्द करनी पड़ी। भर्ती के दौरान गड़बड़ी को लेकर एफआईआर तक दर्ज कर गड़बड़ी करने वालों को जेल जाना पड़ा था। इवेंट कंपनी के साथ कुछ पुलिस कर्मियों को भी जेल भेजा गया था। इसके बाद सरकार ने केसीजी जिले में नए सिरे भर्ती शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जिसमें किसी तरह की गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *