लड़की भगाने पर प्रेमी की मां-चाचियों को न्यूड कर घुमाया:कुशीनगर में पुलिस के सामने जमकर पीटा, कपड़ों में आग लगाई

कुशीनगर में 3 महिलाओं को न्यूड कर पूरे गांव में घुमाया गया। तीनों महिलाएं उस युवक की मां और चाची हैं, जिस पर शादीशुदा महिला को भगा ले जाने का आरोप है। तीनों महिलाओं को बुरी तरह मारा-पीटा गया। घटना 2 जनवरी की बताई जा रही है। महिलाओं का आरोप है कि घटना के दौरान गोरखपुर के गुलरिहा थाने के सिपाही भी आरोपियों के साथ मौजूद थे। उन्होंने भी महिलाओं की पिटाई की। दोनों समुदायों के बीच तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। मामला नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र का है। अब विस्तार से जानते हैं पूरा मामला… एक गांव के दलित परिवार की लड़की की शादी गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र में एक युवक से हुई थी। 31 दिसंबर को महिला गायब हो गई। ससुराल वालों ने गुलरिहा थाने में बहू की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। छानबीन करने पुलिस कुशीनगर में महिला के मायके पहुंची। मायके वालों ने अपने घर से 50 मीटर की दूरी पर रहने वाले एक अल्पसंख्यक परिवार के युवक पर बेटी को भगा ले जाने का आरोप लगाया। इसके बाद वे लोग युवक के घर पहुंचे और घर वालों से बाहर आने को कहा। घर पर कोई पुरुष न होने के कारण महिलाओं ने बाहर आने से इनकार कर दिया। पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि इसके बाद महिला के घर वाले जबरन घर में घुस आए। वे लोग युवक की 60 साल की मां और 40-40 साल की दो चाचियों को घर से बाहर घसीट लाए। इसके बाद तीनों के कपड़े फाड़ दिए। फिर तीनों महिलाओं को नग्न करके गांव भर में घुमाया। इस दौरान वे लोग महिलाओं को पीटते भी जा रहे थे। इसके बाद उन्होंने तीनों महिलाओं के घर के बाहर पड़े कपड़ों में आग लगा दी। इस दौरान गुलरिहा थाने के सिपाही भी मौजूद थे। उन्होंने भी महिलाओं से मारपीट की। पीड़ित महिलाओं ने कहा- आरोपियों ने वीडियो भी बनाया
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि घटना के दौरान आरोपियों ने उनका अश्लील वीडियो भी बनाया। घटना के बाद उनका नजदीकी अस्पताल में उपचार कराया गया। अब तीनों महिलाएं बेहद शर्मिंदगी महसूस कर रही हैं। घटना संज्ञान में आने के बाद थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की, लेकिन सभी घर पर ताला लगाकर फरार हो गए हैं। पुलिस ने पीड़ित महिलाओं के बयान दर्ज किए हैं। दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट और बलवा करने का मामला दर्ज किया है। SHO हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि नग्न कर घुमाने के आरोपों की कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला है। मुस्लिम युवक पर दलित लड़की को भगाने का आरोप है। र गोरखपुर के गुलरिहा थाने में इस संबंध में केस दर्ज है। ————————- ये खबर भी पढ़ें… अखिलेश बोले- सपा सरकार बनते ही होगी जातीय जनगणना, कहा, भाजपा करती है नफरत फैलाने का काम, पुलिस का करती है अनुचित इस्तेमाल समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि 2027 में पीडीए की सरकार बन रही है। पीडीए की सरकार बनते ही हम जातीय जनगणना कराएंगे। अखिलेश यादव रविववार को पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। अखिलेश ने कहा कि भाजपा पीडीए की एकता को कमजोर करना चाहती है। वह जातीय जनगणना नहीं होने देना चाहती है। जातीय जनगणना होने से वंचित वर्गों को सामाजिक न्याय मिलेगा। सभी को अपनी आबादी के अनुपात में अधिकार मिलेगा। सबके साथ सामाजिक न्याय होगा। इसलिए जातीय जनगणना सौ फीसदी होनी चाहिए। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *