भास्कर न्यूज | लुधियाना 38वीं आधुनिक ग्रामीण मिनी ओलिंपिक जरखड़ खेल धूमधाम से संपन्न हुए। करवाए गए मुकाबले में कबड्डी श्रेणी में नाइब सिंह ग्रेवाल मेमोरियल कबड्डी कप के लिए 16 टीमों ने मुकाबला किया। घल्लूघारा कप टीम चैंपियन बनी, जबकि चकर मोगा उप-विजेता रही। सीनियर हॉकी श्रेणी में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी जालंधर ने जरखड़ अकादमी को 3-1 से हराकर महिंदर प्रताप ग्रेवाल गोल्ड कप हॉकी ट्रॉफी जीती। लड़कियों की हॉकी श्रेणी में पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी जालंधर को 4-2 से हराकर मोहिंदर प्रताप ग्रेवाल ट्रॉफी हासिल की। सब-जूनियर हॉकी जगतार मेमोरियल हॉकी कप में जरखड़ अकादमी ने अमरगढ़ को 2-1 से हराकर खिताब जीता। फुटबॉल अमरजीत सिंह ग्रेवाल कप में लड़कों की श्रेणी में भैणी अरोड़ा ने भुट्टा को 2-1 से हराया। लड़कियों की श्रेणी में गुजरवाल ने कोटला को 3-2 से हराया। दोनों टीमों को अपनी-अपनी श्रेणियों में चैंपियन घोषित किया गया। बाबा सूरजन सिंह सरहिंद रस्साकशी कप में रोपड़ ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि बठिंडा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 50 से अधिक आयु वर्ग में कबड्डी धर्म सिंह कप में रायकोट ने पहला स्थान और सीहादोड़ ने दूसरा स्थान हासिल किया। समापन समारोह में सात विशिष्ट व्यक्तित्वों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यक्तियों की उपलब्धियों का ब्यौरा पढ़ा गया और मुख्य अतिथि संत बाबा बलवीर सिंह सीचेवाल तथा विधायक जीवन सिंह संगोवाल ने अवॉर्ड, स्मृति चिन्ह और ट्राफियां प्रदान कीं। मुख्य अतिथियों में कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, जेएसटी ट्रक परमिट अमेरिका के मालिक जंगशेर सिंह और एवन साइकिल के मालिक ओंकार सिंह पाहवा शामिल थे। सतविंदर बिट्टी के गानों में झूमे दर्शक… प्रसिद्ध लोक गायिका सतविंदर बिट्टी, जसवंत संदीला, नीतू विर्क और गुरजान ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खासतौर पर सतविंदर बिट्टी ने अपने चुनिंदा गीतों से पूरे स्टेडियम को झूमने पर मजबूर कर दिया। अध्यक्ष नरिंदर पाल सिंह सिद्धू, मुख्य आयोजक जगरूप सिंह जरखड़ और अध्यक्ष एडवोकेट हरकमल सिंह ने गोल्ड स्पॉन्सर जेएसटी ट्रक परमिट फ्रेस्नो, सिल्वर स्पॉन्सर कोका-कोला, एवन साइकिल, पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड, डाबर कंपनी, विशाल साइकिल तथा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने टूर्नामेंट को मजबूत सहयोग दिया।


