डीडवाना-कुचामन पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। लाडनूं थाना पुलिस ने पिछले एक साल से फरार चल रहे एक वारंटी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को एनआई एक्ट के सात मामलों में न्यायालय द्वारा सजा सुनाई जा चुकी थी। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देशन में की गई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीडवाना हिमांशु शर्मा (आरपीएस) और वृत्ताधिकारी लाडनूं जितेंद्र सिंह (आरपीएस) का निकटतम पर्यवेक्षण रहा। थानाधिकारी शिंभुदयाल (निरीक्षक) के नेतृत्व में टीम ने इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया। गिरफ्तार वारंटी नितेश वर्मा उर्फ सोनी, एसीजेएम न्यायालय लाडनूं द्वारा एनआई एक्ट के सात मामलों में सजा प्राप्त था। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार जयपुर, मुंबई और गुजरात में अपने ठिकाने बदल रहा था। आरोपी पहचान पत्रों में भी बार-बार पता बदल रहा था। पुलिस कॉन्स्टेबल सुभाष कुमार ने तकनीकी सहायता, सोशल मीडिया और मुखबिर तंत्र का उपयोग कर उसकी लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद उसे जयपुर से हिरासत में लेकर नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार वारंटी की पहचान नितेश वर्मा (सोनी) पुत्र श्यामसुंदर, उम्र 42 वर्ष, निवासी दूसरी पट्टी लाडनूं, हाल निवासी जयपुर के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी शिंभुदयाल, कॉन्स्टेबल सुभाष कुमार और कॉन्स्टेबल राजेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कॉन्स्टेबल सुभाष कुमार का इसमें विशेष योगदान बताया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फरार वांछित अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


