लातेहार के डीवीसी कोल साइडिंग पर फायरिंग:राहुल दुबे गैंग ने ली जिम्मेदारी, फेसबुक पर किया पोस्ट, मैनेज करने की कही बात

लातेहार के सदर थाना क्षेत्र स्थित तुबेद गांव में डीवीसी की कोल साइडिंग उस समय दहशत में आ गई, जब बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने एंट्री गेट पर गोलीबारी कर दी। मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश साइडिंग के गेट के पास पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के दो राउंड फायरिंग की। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। एक गोली कोल साइडिंग के एंट्री गेट की चारदीवारी में जा लगी। जिससे दीवार में छेद हो गया। गोली चलने की आवाज से वहां मौजूद कर्मियों और सुरक्षाकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर के लिए कोल साइडिंग का कामकाज भी प्रभावित रहा। कर्मचारी सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू घटना की सूचना मिलते ही कोल साइडिंग कैंप में तैनात पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद सदर थाना प्रभारी रमाकांत गुप्ता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी ने फायरिंग की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दो बाइक सवार अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। फायरिंग के बाद फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। फेसबुक पोस्ट से बढ़ा मामला इस घटना के बाद मामला और गंभीर हो गया, जब राहुल दुबे गैंग ने फेसबुक पोस्ट के जरिए फायरिंग की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में गैंग की ओर से लिखा गया कि यह गोलीबारी “मां अंबे की सुमित चटर्जी के कान का पर्दा खोलने के लिए” की गई है। इसके साथ ही गैंग ने खुली धमकी देते हुए कहा है कि यदि “मैनेज” नहीं किया गया, तो सुमित चटर्जी के ऑफिस और घर पर भी गोलीबारी की जाएगी। सोशल मीडिया पर पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। पुलिस अब पोस्ट की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। घटना के बाद डीवीसी कोल साइडिंग की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *