लातेहार में कार पर पलटा ट्रक, एक की मौत:शादी समारोह से घर लौट रहे थे कार सवार दंपती, पत्नी घायल; डेढ़टंडवा घाटी में हुआ हादसा

लातेहार जिले के चंदवा-चांपी-लोहरदगा पथ पर शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। डेढ़टंडवा घाटी में एक अनियंत्रित 12 चक्का ट्रक एक कार पर पलट गया, जिससे कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में चालक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। ओडिशा नंबर का एक 12 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर झारखंड नंबर की कार पर पलट गया। ट्रक के पलटने से कार और उसके चालक नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक के नीचे दबे चालक को बाहर निकाला गया। चालक लगभग एक घंटे तक फंसा रहा, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान लोहरदगा निवासी प्रकाश साहू के रूप में हुई है। उनकी पत्नी श्याम प्यारी देवी गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें चंदवा सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, प्रकाश साहू अपनी पत्नी श्याम प्यारी देवी के साथ चंदवा के नगर मंदिर में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे और कार्यक्रम के बाद देर शाम अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद डेढ़टंडवा घाटी में लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों की सहायता से चंदवा पुलिस प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य जारी रखा। थाना प्रभारी रणधीर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है और दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *