लातेहार शहर के पानी टंकी के चंदनडीह रोड स्थित रूपम ज्वेलर्स में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। तीन चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर 50 हजार रुपए की चांदी समेत अन्य सामान ले गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में पहले एक चोर शटर का लॉक तोड़ता दिख रहा है। इसके बाद उसके दो साथी पास आते हैं। उनमें से दो शटर उठाकर अंदर घुसते हैं। कुछ देर में दुकान में रखे सामान को झोले में भरकर निकल जाते हैं। उनका तीसरा साथी बाहर की गतिविधि की निगरानी करता है। दुकान के मेन लॉकर को नहीं तोड़ सके चोर इधर, दुकान मालिक नरेश सोनी ने बताया कि रात में ताला लगाकर घर गए थे। सुबह आए तो शटर का ताला टूटा मिला। सीसीटीवी देखा तो तीन चोर चोरी करते दिखे। चोर दुकान से करीब 50 हजार रुपए की चांदी समेत अन्य सामान ले गए। दुकान के मेन लॉकर को नहीं तोड़ सके। इसलिए ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। मामले की शिकायत थाने में की गई है। थाना प्रभारी सुरेंद्र महतो ने बताया कि तीन चोरों ने मिलकर चोरी की है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है। मामले की जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा। चोर बेलगाम होते जा रहे हैं: स्वर्णकार संघ इधर, चोरी की घटना के बाद झारखंड स्वर्णकार संघ में आक्रोश है। संघ के उमेश सोनी, मोती सोनी, आशीष सोनी, संजय सोनी ने कहा कि चोर बेलगाम होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि पुलिस ने मामले का जल्द खुलासा नहीं किया तो हम लोग आंदोलन करेंगे।


