लातेहार में डोभा में डूबने से बच्चे की मौत:आंगनबाड़ी जाते समय 4 साल का बच्चा गड्ढे में गिरा, लगातार बारिश से भरा था डोभा

लातेहार के बालूमाथ थाना क्षेत्र के हेबना गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। आंगनबाड़ी केंद्र जाते समय 4 वर्षीय अंकित कुमार की डोभा में डूबने से मौत हो गई। अंकित के पिता अनिल महतो ने बताया कि बच्चा घर से आंगनबाड़ी केंद्र जा रहा था। रास्ते में उसका पैर फिसल गया और वह डोभा में गिर गया। दोपहर तक जब बच्चा घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान डोभा के पास बच्चे का चप्पल मिला। कुछ देर बाद बच्चे का शव पानी में उपलाता दिखा। परिजनों ने डोभा में उतरकर शव को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही बालूमाथ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए लातेहार स्थित सदर अस्पताल भेज दिया। बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने कहा कि बच्चे की डोभा में डूबने से मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण डोभा में पानी लबालब भरा हुआ था। इस वजह से डोभा दिखाई नहीं दे रहा था। बालूमाथ अंचलाधिकारी विजय कुमार ने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *