लातेहार में बस का ब्रेक फेल, खाई में गिरी:छत्तीसगढ़ से लोध गांव आ रही थी ओवरलोडेड बस, 7 की मौत, 70 से अधिक घायल

लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा बंगलादारा घाटी में छत्तीसगढ़ से झारखंड आ रही एक यात्री बस ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। इस हादसे में चार महिलाओं और एक पुरुष सहित कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 70 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक 27 लोगों का कार्मेल अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं 59 लोग स्थानीय सीएचसी में इलाजरत हैं। इनमें 10 को रेफर किया गया है। घायलों में बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। हादसे के बाद घाटी क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। पहले ही फेल हो गया था ब्रेक, फिर भी नहीं रुकी बस जानकारी के अनुसार बस छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से महुआडांड़ थाना क्षेत्र के लोध गांव स्थित ‘लोटा पानी’ जा रही थी। घाटी क्षेत्र में उतरते समय अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया। बस चालक विकास पाठक ने बताया कि दुर्घटना से कुछ देर पहले ही उन्हें ब्रेक काम न करने का अहसास हो गया था। उन्होंने बस को नियंत्रित करने के लिए हैंड ब्रेक का इस्तेमाल किया, लेकिन बस नहीं रुकी। इसके बाद उन्होंने इंजन बंद कर दिया, इसके बावजूद ढलान पर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कई यात्री बस के अंदर ही दब गए, जबकि कुछ दूर जा गिरे। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और एंबुलेंस को सूचना दी। इन सात की हुई मौत मृतकों की पहचान रेशांति देवी (35), पति विनोद राम, ग्राम पीपर सोत; प्रेमा देवी (37), पति चुहरू राम; सीता देवी (45), पति बीगा राम; सुखना भुईयां (40), पिता सत्ता भुईयां और सोनामति देवी (45), पति बाबूलाल नायक, बलरामपुर, विजय सिंह (32) पिता कांता सिंह व अज्ञात महिला है। जिसकी पहचान नहीं हुई है। प्रशासन अलर्ट, घायलों का इलाज जारी दुर्घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और कार्मेल अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं महुआडांड़ के एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया गया था और पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। उन्होंने बताया कि 30 से अधिक घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। डॉक्टरों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मृतकों और घायलों की स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *