झारखंड के लातेहार जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 77 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनका पोता गंभीर रूप से घायल हो गया। शनिवार को बालूमाथ-खलारी मुख्य सड़क पर भगिया गांव के पास यह हादसा उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दादा-पोते को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान प्रयाग गोप के रूप में हुई है, जबकि उनका 28 वर्षीय पोता सुमित कुमार यादव गंभीर रूप से घायल है। दोनों बालूमाथ थाना क्षेत्र के मनसिघा के निवासी हैं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉ. अमरनाथ प्रसाद ने प्रयाग गोप को मृत घोषित कर दिया। सुमित की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया। घटना के समय दोनों मनसीघा से मैक्लुस्कीगंज की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बालूमाथ-खेसारी पथ के मान सिंह चौक के पास सड़क जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है।


