लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में इन दिनों जंगली हाथियों का उत्पाद जारी है। सोमवार की शाम जंगल से मवेशी चरा एक लौट रहे एक वृद्ध किसान को हाथियों ने पटक कर जान ले ली। मृत किसान गुलाब यादव (65)पिंडारकोम का रहने वाला है। इधर, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश है। शव के साथ सड़क किया जाम मंगलवार को सुबह से ही परिजन व स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर बालूमाथ-मैकलुस्कीगंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जिससे सड़क की दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग के लापरवाही के कारण दिन प्रतिदिन क्षेत्र में जान माल का नुकसान हो रहा है। महीनों से हाथी इस एरिया में डेरा डाले हुए हैं। पर वन विभाग द्वारा कोई पहल नहीं की जा रही है। जाम की सूचना पर पहुंचे अधिकारी जाम की सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार, सीओ विजय कुमार, बीडीओ सोमा उरांव, रेंजर नंदकुमार महतो मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। रेंजर नंदकुमार महतो ने कहा कि परिजनों को चार लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक किसान गुलाब यादव हर दिन की तरह मवेशी को लेकर जंगल चराने के लिए गया था। लेकिन सोमवार की शाम घर नहीं आया। सुबह जब काफी पड़ताल की गई तो जंगल से वृद्ध का शव बरामद किया गया है।


