लापता मुन्नी का 24 दिन बाद भी सुराग नहीं:चतरा पुलिस ने झोंकी ताकत, जानकारी देने वाले को 20 हजार का इनाम

चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के गांगपुर गांव से 14 वर्षीय मुन्नी कुमारी 24 दिन से लापता है। 28 दिसंबर को पिकनिक के दौरान लापता हुई मुन्नी का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चतरा एसपी सुमित अग्रवाल ने जांच की कमान खुद संभाल ली है। अब इस मासूम की तलाश में जिले की पुलिस के साथ-साथ एक विशेष जांच टीम (SIT) भी जंगलों और पहाड़ों में सघन तलाशी अभियान चला रही है। पुलिस ने मुन्नी के बारे में जानकारी देने वाले के लिए इनाम की घोषणा भी की है। एसपी सुमित अग्रवाल ने एक उच्च-स्तरीय एसआईटी का गठन किया है। इस टीम का नेतृत्व सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल कर रहे हैं, जिसमें डीएसपी वाशिम रज्जा और इंस्पेक्टर सनोज चौधरी जैसे अनुभवी अधिकारी शामिल हैं। गांगपुर और उसके आसपास के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में पुलिस का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। पुलिस टीमें तकनीकी संसाधनों और सर्विलांस का उपयोग कर रही हैं। साथ ही घने जंगलों में पैदल गश्त कर सुराग जुटाने का प्रयास कर रही हैं। शहर से लेकर दूरदराज के गांवों तक मुन्नी की तस्वीरें वाले पोस्टर लगाए गए हैं। एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल ने बताया कि किशोरी की सुरक्षित बरामदगी पुलिस की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस मुन्नी तक पहुंचने के लिए हर पहलू पर काम कर रही है। पुलिस ने अब इस मामले में 20 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की है। सटीक जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *