बिलासपुर| जोन क्रमांक 2 तिफरा में हाल ही में बनाई गई मुख्य सड़क कुछ ही दिनों में जर्जर होने लगी है। सड़क निर्माण में ठेकेदार और संबंधित इंजीनियरों की कथित मनमानी और लापरवाही अब खुलकर सामने आ रही है। सड़क की ऊपरी परत उखड़ने लगी है, जिससे लगातार आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी कुछ ही समय पहले इस सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता इतनी कमजोर रही कि थोड़ी बारिश और गाड़ियों की आवाजाही में ही सड़क टूटने लगी। स्थिति यह है कि जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिनसे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। – सलीम कुरैशी , तिफरा


