लालसोट के राजकीय कॉलेज में एनएसएस का कैंप:स्वयंसेवकों ने की सफाई, साइबर क्राइम से बचाव की जानकारी ली

लालसोट स्थित राजेश पायलट राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की तीनों इकाइयों द्वारा एक दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया गया। प्राचार्य प्रो. सुभाष पहाड़िया ने शिविर का उद्घाटन किया। शिविर की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और प्रार्थना से हुई। स्वयंसेवक मनसुख महावर ने योगाभ्यास करवाया, जिसमें अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास शामिल रहा। स्वयंसेवकों ने श्रमदान के तहत महाविद्यालय परिसर के आर्ट्स गार्डन, पार्किंग स्थल और अमृत वाटिका से सिंगल-यूज़ प्लास्टिक एकत्र किया तथा खरपतवार निकालकर साफ-सफाई की। साथ ही, तीनों इकाइयों ने गोद ली गई सलागरामपुरा और थलोज बस्तियों में स्वच्छता अभियान चलाया। सहायक आचार्य रामभरोसी बैरवा ने छात्रों को साइबर क्राइम से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि हमेशा मजबूत पासवर्ड रखें, ओटीपी किसी से साझा न करें और संदिग्ध वेबसाइटों से बचें। साथ ही साइबर कानूनों की जानकारी रखना भी जरूरी है। मनोरंजन सत्र में स्वयंसेवकों ने लोकगीत और भजन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम अधिकारी राकेश कुमार मीना ने ‘माय भारत’ पोर्टल पर स्वयंसेवकों का पंजीकरण कराया। शिविर का समापन कार्यक्रम अधिकारी भारती चतुर्वेदी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *