लालसोट में बाइक से गिरी महिला और दो बच्चे:मंगलसूत्र छीनने की कोशिश की, अस्पताल में भर्ती

दौसा से लालसोट की ओर आ रही एक बाइक पर सवार महिला से लूटपाट का प्रयास किया गया। इस दौरान बाइक अन बैलेंस होकर गिर गई, जिससे महिला और उसके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना लालसोट क्षेत्र के रालावास के पास देर शाम करीब 7 बजे हुई। दतवास निवासी विष्णु जांगिड़ (30) अपनी पत्नी ममता जांगिड़ और दो बच्चों के साथ दौसा से एक निजी कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। विष्णु जांगिड़ ने बताया-रालावास के समीप पीछे से आए एक बाइक सवार व्यक्ति ने उनकी पत्नी के गले से मंगलसूत्र छीनने का प्रयास किया। झपट्टा मारने से बाइक अन बैलेंस हो गई और ममता अपने बच्चों सहित सड़क पर गिर गईं। लूटपाट के प्रयास के दौरान मंगलसूत्र आरोपी के हाथ से छूट गया। पीछे से आ रहे एक टेंपो सवार लोगों ने घायलों को सड़क पर पड़ा देखा और तुरंत डीडवाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर रामगढ़ पचवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अधिकारी मदनलाल मीणा ने डीडवाना सीएचसी पहुंचकर पीड़ितों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आरोपी की तलाश के लिए नेशनल हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *