लुटेरों से बचने को डेढ़ किमी ऑटो में लटकी रही महिला, बाइक सवारों ने घेरकर बचाया

जालंधर बाइपास से फिल्लौर के लिए ऑटो में बैठी महिला को ऑटो चालक व उसके साथी ने लूटने की कोशिश की। महिला पहले ऑटो के अंदर से चिल्लाती रही पर उसकी आवाज बाहर नहीं आई। महिला ने देखा कि उसकी मदद को कोई आगे नहीं आ रहा तो वह ऑटो के बाहर लटक गई और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। महिला करीब डेढ़ किलोमीटर ऑटो के बाहर लटकी रही। कार चालक ने ऑटो को रोकने की कोशिश की लेकिन ऑटो चालक कट मारकर आगे पीछे करता रहा। महिला लगातार मदद के लिए चिल्लाती रही। कार चालक व अन्य वाहन चालकों ने टाइगर सफारी के पास जाकर ऑटो को घेर लिया। उसके बाद लोगों ने दोनों लुटेरों की जमकर धुनाई की। एक कार चालक ने बताया कि जालंधर बाइपास सर्विस लेन से मेन रोड पर एक ऑटो में महिला लटकी हुई थी। वह बचाने की गुहार लगा रही थी। ऑटो में एक और युवक ​था। महिला करीब एक डेढ़ किलोमीटर तक ऑटो के बाहर लटक कर मदद मांगती रही। इस दौरान ऑटो चालक तेजी से ऑटो चलाता रहा। जब उसने देखा कि एक कार पीछा कर रही है तो उसने कार को भी हिट करने की कोशिश की। वहीं से बाइक साइकिल सवार दो लोग गुजर रहे थे। उनके हाथ में डंडा था। उन्होंने तेजी से अपना मोटर साइकिल ऑटो के आगे किया। कुछ दूर जाकर मोटर साइकिल सवारों व एक कार चालक ने ऑटो को घेर लिया। वहां लोगों ने आरोपियों को जमकर पीटा और थाना सलेम टाबरी पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। थाना सलेम टाबरी के एसएचओ अमृतपाल सिंह ग्रेवाल ने बताया कि दोनों ने महिला के साथ लूट की कोशिश की है। आरोपियों के खिलाफ पर्चा दर्ज किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *