पंजाब के लुधियाना में दो आतंकियों के एनकाउंटर पर पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में अहम खुलासा करते हुए कहा कि दोनों का पाकिस्तान-स्थित हैंडलर जसवीर उर्फ चौधरी से लिंक था। दोनों को राज्य में ग्रेनेड हमला करने के लिए भेजा गया था। कमिश्नर ने ये भी बताया कि पकड़े गए आतंकी लॉरेंस गैंग से जुड़े मॉड्यूल का हिस्सा हैं और एक आतंकी का लिंक सलमान खान के घर फायरिंग करने वाले से भी है। उनकी योजना सरकारी इमारतों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर ग्रेनेड फेंककर राज्य में तनाव फैलाने की थी। एनकाउंटर में घायल दोनों आतंकियों का इलाज अस्पताल के वार्ड में ताला लगाकर कराया जा रहा है। बता दें कि गुरुवार को दिल्ली-अमृतसर हाईवे पर लाडोवाल टोल के पास पुलिस ने PAK-समर्थित टेरर मॉड्यूल के दो आतंकियों का एनकाउंटर किया था, जिसमें दोनों घायल हुए। एक आतंकी पंजाब के अबोहर का रहने वाला है, जबकि, दूसरा राजस्थान का है। एनकाउंटर के दौरान एक को 5 गोलियां और दूसरे को 2 गोलियां लगीं। हालांकि, दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पढ़ें पुलिस कमिश्नर की प्रेस कॉन्फ्रेंस की बड़ी बातें… काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट से मिलकर पकड़े आतंकी जानकारी के अनुसार, इससे पहले लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट के साथ मिलकर तीन आरोपियों फिरोजपुर के शमशेर सिंह, हरियाणा के अजय और बिहार के हर्ष कुमार ओझा को गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का पर्दाफाश किया था। इस संबंध में एफआईआर नंबर 199 दिनांक 17.11.2025 धारा 3, 4, 5 एक्सप्लोसिव एक्ट, धारा 25 आर्म्स एक्ट और धारा 113 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत थाना जोधेवाल में मामला दर्ज किया गया है। दूसरी एफआईआर नंबर 114 दिनांक 20.11.2025 धारा 109, 132, 324(4), 3(5) BNS और धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत थाना लधोवाल में दर्ज की गई है। पूछताछ में बताया- हैंड ग्रेनेड की डिलीवरी लेने आए थे
अस्पताल में भर्ती कर पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे लुधियाना में हैंड ग्रेनेड की डिलीवरी लेने आए थे। आरोपियों पर BNS और आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई गईं, साथ ही अवैध हथियार रखने, हमले की तैयारी और वारदात में शामिल होने के आरोप भी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चाइना मेड ग्रेनेड, 5 पिस्टल और 50 से ज्यादा कारतूस बरामद किए। जांच में उनका लॉरेंस गैंग से कनेक्शन भी सामने आया। आतंकी मॉड्यूल के घायल सदस्य कौन हैं?
एनकाउंटर में आतंकी मॉड्यूल के जो 2 सदस्य घायल हुए हैं। उनमें से एक दीपू पंजाब के अबोहर का रहने वाला है, जबकि दूसरा राजस्थान के गंगा नगर का राम लाल है। दोनों गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती हैं। लुधियाना पुलिस ने मुठभेड़ में 3 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें हरियाणा के फतेहाबाद का अजय, बिहार के भोजपुर का अर्श और पंजाब के फिरोजपुर का शमशेर शामिल था। सभी का क्रिमिनल रिकार्ड है। छठ पूजा के दिन पकड़े गए थे आतंकी मॉड्यूल के सदस्य
27 अक्तूबर को छठ पूजा के दिन लुधियाना पुलिस ने शिवपुरी चौक के पास पाकिस्तानी एजेंसी आईएसआई से जुड़े मॉड्यूल के 3 लोगों को गिरफ्तार किया था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने टाइगर सफारी के साथ जंगल से हैंड ग्रेनेड बरामद किए। जब पुलिस जांच में पता चला कि आईएसआई हैंड ग्रेनेड से हमला करके दहशत फैलाना चाहता था। जांच में यह बात भी सामने आई थी कि पकड़े गए आरोपी सीमा पार से हैंड ग्रेनेड लेकर लुधियाना आए थे। हैंड ग्रेनेड समेत जो लोग पकड़े गए उनका कनेक्शन गैंगस्टर अजय मलेशिया से निकला। अजय मलेशिया के जरिए आईएसआई ने वो हेंड ग्रेनेड लुधियाना तक पहुंचाए थे।


