पंजाब के लुधियाना की पॉश सोसाइटी में एक बच्ची के साथ छेड़छाड़ के आरोपों में एक व्यक्ति को लोगों ने पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी। ये वारदात सोमवार को देर रात लुधियाना के चंडीगढ़ रोड पर स्थित हैंप्टन होम्स नाम की सोसाइटी में हुई। धुनाई के बाद उक्त आरोपी को लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस के अधिकारियों को सौंप दिया गया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। हैंपटन होम्स के रहने वाले सुमेध शर्मा ने बताया कि हम इस सोसाइटी में इसलिए रहने के लिए आते हैं, क्योंकि हमें सुरक्षा मिले। मगर सोसाइटी में ना हमारे बच्चे और ना ही हमारा परिवार सेफ है। शर्मा ने बताया कि आरोपी पहले पार्क में सैर कर रहीं महिलाओं को गलत नजर से देख रहा था और फिर उसने बच्ची को टारगेट किया। शर्मा बोले- आरोपी लिफ्ट तक बच्चियों के पीछे गया सुमेध शर्मा ने आगे कहा- जिस व्यक्ति ने बच्ची से छेड़छाड़ की, वह बच्ची का पीछा करता हुआ लिफ्ट के ओर चला गया। उक्त जगह पर उसका कोई काम नहीं था। आरोपी बतौर लेबर काम करता है, इसकी छुट्टी शाम 6 बजे हो जाती है, मगर ये यहां पर क्या कर रहा था, इसके बारे में आरोपी के पास कोई स्पष्ट जानकारी नहीं थी। शर्मा ने कहा- आरोपी बच्चियों के पास गया और उसने गलत हरकत करने की कोशिश की, मगर दोनों बच्चे आरोपी को धक्का मारकर किसी तरह लिफ्ट से बाहर हो गईं और अपनी जान बचाई। परिवारों द्वारा देर रात सोसाइटी के बाहर जमकर हंगामा किया गया और सोसाइटी की सुरक्षा पर को लेकर पुलिस और सोसाइटी संचालकों पर सवाल खड़े किए।


