पंजाब के सरकारी अस्पतालों में आज सेवाएं ठप होने का खतरा टल गया है। पीसीएमएस एसोसिएशन ने आज से शुरू होने वाली सरकारी डॉक्टरों की हड़ताल को 23 जनवरी तक स्थगित कर दिया है। सरकार की ओर से डीएसीपी(तरक्की) समेत अन्य मांगों को लेकर नोटिफिकेशन जारी करने संकेत देने के मद्देनजर यह हड़ताल स्थगित की गई है। 23 जनवरी की शाम को होगी जनरल बॉडी मीटिंग 23 जनवरी की शाम को एसोसिएशन की जनरल बॉडी मीटिंग फिर से बुलाई गई है, जिसमें अगला ऐलान किया गया। इससे पहले रविवार को मोगा में जनरल बॉडी मीटिंग हुई, जिसमें सभी जिला इकाईयो से चर्चा की गई। लोगों को आज किसी तरह की अस्पतालों में उपचार करवाने में असुविधा नहीं होगी। मीटिंग में एसोसिएशन के सुबाई प्रधान डॉ.अखिल सरीन ने बताया कि 17 जनवरी को एसोसिएशन व सेहत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच मीटिंग हुई है, जिसमें मांगों को लेकर चर्चा हुई और इसमें कुछ बातों पर आम सहमति बनी है। सेहत विभाग की ओर से तैयार प्रस्ताव पर भी विस्तार से चर्चा के बाद पीसीएमएस एसोसिएशन ने उसका समर्थन किया। डॉ.सरीन ने कहा कि हमें नोटिफिकेशन अगले हफ्ते के मध्य तक जारी होने का भरोसा दिलाया गया है। इसलिए हड़ताल को चार दिनों के लिए स्थगित किया गया है। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि 23 तक नोटिफिकेशन जारी कर दी जाएगी।


