पंजाब के लुधियाना से वीडियो सामने आई है जहां करीब 8 से 10 लोगों ने जमकर गुंडागर्दी की। बीच सड़क एक व्यक्ति पर धारदार हथियारों और डंडों से वार किए। खून से लथपथ व्यक्ति को प्राइवेट अस्पताल दाखिल करवाया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सीसीटीवी में ये घटना कैद होने के बाद इलाके में सहम पाया जा रहा है। लड़ाई छुड़वाने की रंजिश रख एक पक्ष ने किया हमला जानकारी देते हुए इलाका निवासी दीप ने बताया कि अबदुल्ला पुर बस्ती गली नंबर 2 के नजदीक अनिल नाम का व्यक्ति अंडे और चिकन कार्नर का काम करता है। उसकी दुकान के बाहर एक एक्टिवा सवार और बाइक सवार की आपस में टक्कर हो गई थी। दोनों आपस में झगड़ा करने लगे। इस बीच बाइक सवार युवक की पगड़ी उतर गई। अनिल ने लड़ाई छुड़वाई और युवक को पगड़ी पहना कर उसे उसके घर भेज दिया। लेकिन दूसरे युवक इलाके में ही छिपा रहा। उसने मौके देख अपने करीब 8 से 10 साथियों को घटना स्थल पर बुलाया। बदमाशों ने आते ही गली में ललकारें मारने शुरु कर दिए। पीड़ित के दांत, बाजू और उंगली टूटी बीच सड़क हमलावरों ने अनिल की धारदार हथियारों से मारपीट की। अनिल चीखता रहा लेकिन हमलावरों ने उस पर तरस नहीं खाया। मारपीट में अनिल के दांत, बाजू और उंगली टूट गई। उसकी हालत बिगड़ती देख तुरंत प्राइवेट अस्पताल दाखिल करवाया। अनिल का डॉक्टर उपचार कर रहे है लेकिन उसकी हालत काफी गंभीर है। हमलावर मौके पर दहशत फैला फरार हो गए। घटना संबंधी थाना माडल टाउन की पुलिस को सूचित किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


