पंजाब के लुधियाना में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक शातिर पति-पत्नी की जोड़ी ने मिलकर कई फर्जी कंपनियां बनाईं और होजरी कारोबारियों को 1.12 करोड़ रुपये से ज्यादा का चूना लगा दिया। कम से कम पांच होजरी मालिकों ने इस जोड़ी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी। बस्ती जोधेवाल पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस के मुताबिक कम से कम पांच होजरी मालिकों ने पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई है। जांच के बाद पुलिस ने हैबोवाल के न्यू आत्म नगर निवासी नितिन पारती और उसकी पत्नी मोनिका पारती के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने हैबोवाल के हरबंसपुरा के अमित थापर की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है। 2024 में आरोपी ने किया संपर्क
अपनी शिकायत में थापर ने कहा कि आरोपी ने जुलाई 2024 में उनसे संपर्क किया था। आरोपियों ने दावा किया कि उनकी कई कंपनियां हैं। उन्होंने उससे होजरी का सामान खरीदा और उसका विश्वास जीतने के लिए तुरंत भुगतान किया लेकिन बाद में आरोपियों ने 61 लाख रुपए का होजरी का सामान खरीदा और भुगतान नहीं किया। एक अन्य शिकायतकर्ता सेक्टर 33 चंडीगढ़ रोड के हरजिंदर सिंह ने बताया कि आरोपियों ने उससे 11 लाख रुपए की ठगी की। FIR के अनुसार दंपति ने होजरी मालिक नविता जैन को 20 लाख रुपए, बलदेव राज मल्होत्रा को 12.50 लाख रुपए और मनोज शर्मा को 8 लाख रुपए का चूना लगाया है। मनोज शर्मा ने बताया कि उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में भी शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि जब उन्होंने भुगतान के लिए आरोपियों से संपर्क किया तो उन्होंने उन्हें छेड़छाड़ और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी देना शुरू कर दिया। FIR में यह भी बताया गया है कि आरोपियों के खिलाफ पहले से ही फिल्लौर पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 306, 120बी और 201 के तहत मामला दर्ज है। मामले की जांच कर रहे ASI सुखविंदर सिंह ने बताया कि जांच के बाद एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318, 351 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


