लुधियाना पुलिस ने किया हत्या का खुलासा:ससुर ने साथी के साथ मिलकर मारी गोली, दोनों गिरफ्तार; 50 हजार में खरीदी पिस्टल

पंजाब के लुधियाना में स्ट्रीट फूड विक्रेता सोनू की ऑनर किलिंग के मामले में सदर पुलिस ने उसके ससुर राम दयाल (45) निवासी ईशर नगर और उसके साथी दीपक कुमार यादव (23) निवासी मोहल्ला बेगोआना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस ने एफआईआर में मृतक सोनू के पिता गुड्डू सिंह के बयानों के आधार पर राम दयाल के बेटों राहुल कुमार, आलोक कुमार और पत्नी अनीता राज के खिलाफ भी मामला दर्ज किया था। हालांकि पुलिस का कहना है कि तीनों की भूमिका अभी पता नहीं चल पाई है, इसलिए उन्हें अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। बुधवार की रात हुई सोनू की हत्या सोनू सिंह अपने पिता गुड्डू सिंह के साथ गोलगप्पे बेचने मेले में गया था। बुधवार रात करीब एक बजे वे दोनों घर लौट रहे थे। गुड्डू सिंह बाइक चला रहा था, जबकि सोनू ठेला खींच रहा था। जैसे ही वे घर के पास पहुंचे, गुड्डू सिंह बाइक घर के अंदर खड़ी करने के लिए आगे बढ़ा। सोनू अकेला रह गया, तभी बाइक पर आए आरोपियों ने उसे निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली उसकी पीठ पर लगी थी और सीने को चीरती हुई निकल गई थी। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। लव मेरिज से नाखुश था सुसराल परिवार ADCP करणवीर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने सोनू की पत्नी निभा के परिजनों पर आरोप लगाया था कि सोनू की हत्या इसलिए की गई, क्योंकि वे दोनों प्रेम विवाह से खुश नहीं थे। पुलिस ने बयानों के आधार पर परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस ने निभा के पिता राम दयाल और दयाल के सहयोगी दीपक कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। हत्यारों से अवैध पिस्टल और 3 जिंदा कारतूस बरामद पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध हथियार और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की गई है। साथ ही, घटना स्थल से एक गोली का खोल भी बरामद किया गया है। ADCP करणवीर ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले निभा ने अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ सोनू से शादी कर ली थी। इस जोड़े को कोर्ट से एक साल की सुरक्षा भी मिली थी। आमतौर पर समय बीतने के साथ ही परिवार इस रिश्ते को स्वीकार कर लेते हैं, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं हुआ। 50 हजार रुपए में खरीदी पिस्टल और कारतूस राम दयाल ने निभा की मां से बहुत पहले शादी कर ली थी, जब वह बच्ची थी। राम दयाल उसे अपनी बेटी की तरह प्यार करता था और जब उसने सोनू से शादी की तो उसे धोखा महसूस हुआ। अधिकारी ने बताया कि राम दयाल ने कई महीनों तक पैसे जमा किए और 50 हजार रुपए जुटाकर बंदूक और कारतूस खरीदे, जो उसने बिहार से खरीदे थे। दीपक की भूमिका के बारे में पूछने पर ADCP करणवीर सिंह ने बताया कि दीपक राम दयाल के बेटे राहुल का दोस्त है। मृतक सोनू से भी उसकी दोस्ती थी। दीपक राहुल के घर आता-जाता था, जहां उसने राम दयाल के साथ शराब पीना शुरू कर दिया। राम दयाल एक ऐसे साथी की तलाश में था जो सोनू की हत्या में उसकी मदद कर सके। इसलिए उसने उसे शराब और खाना आदि उपलब्ध कराया और इस तरह हत्या में मदद करने के लिए राजी कर लिया। उस रात जब दीपक बाइक चला रहा था, तब राम दयाल ने सोनू की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *