लुधियाना के पॉश इलाके बीआरएस नगर ई ब्लॉक में चोरों की एक बड़ी वारदात सामने आई है। तीन दिन से खाली पड़े घर को निशाना बनाकर 3-4 बदमाशों ने लाखों रुपये के गहने और नकदी उड़ा ली। पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शादी में गए थे,लौटे तो मिला तालाबंद घर खुला पीड़ित जसमीत सिंह ने बताया कि वे अपने भाई की शादी में तीन दिन के लिए मनसूरी गए हुए थे। जब 20 तारीख को घर लौटे तो देखा कि मेन गेट का ताला टूटा पड़ा था। अंदर जाकर देखा तो मेन बेडरूम में सामान बिखरा हुआ था। अलमारी का ताला भी तोड़ दिया गया था। जसमीत सिंह ने बताया अलमारी से सोने के गहने, सोने के सेट और करीब 3 से 4 लाख रुपये की नकदी चोरी हो गई। पूरे घर में तोड़फोड़ और सारा सामान बिखरा हुआ था। समझ नहीं आया कि ये सब कब हुआ। CCTV में दिखी चोरों की पूरी हरकत जसमीत सिंह ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो पूरा मामला साफ हो गया। CCTV में तीन से चार संदिग्ध लोग घर के बाहर घूमते नजर आए। कुछ देर रेकी करने के बाद चोरों ने ताला तोड़कर घर में घुसगाय।करीब 20 मिनट तक घर के अंदर रहने के बाद चोर माल लेकर बाहर निकले और फरार हो गए। पूरी वारदात बेहद सफाई से अंजाम दी गई जिससे लगता है कि चोर पेशेवर हैं। पुलिस ने शुरू की जांच मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया पीड़ित के बयान के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है। हम जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लेंगे। पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर और आसपास के इलाकों में भी जांच तेज कर दी गई है। बढ़ रहे हैं चोरी के मामले गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों में लुधियाना के पॉश इलाकों में चोरी की वारदातों में इजाफा हुआ है। खाली घरों को निशाना बनाना चोरों का नया तरीका बन गया है। पुलिस लगातार गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के दावे कर रही है लेकिन वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की अपील की है।


