पंजाब के लुधियाना में जिला पुलिस ने एक नई पहल की है, जिससे अब एम्बुलेंस और अन्य इमरजेंसी वाहनों को सड़कों पर रेड लाइट का सामना नहीं करना पड़ेगा। पुलिस ने ‘ग्रीन कॉरिडोर’ नाम से एक सिस्टम शुरू किया है, जिसके तहत इमरजेंसी वाहनों के लिए सभी ट्रैफिक लाइटें हरी हो जाएंगी। इस सिस्टम का ट्रायल रन चंडीगढ़ रोड पर सफलतापूर्वक हो चुकी है। पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने मीडिया को बताया कि इस सिस्टम को जल्द ही शहर के अन्य महत्वपूर्ण मार्गों पर भी लागू किया जाएगा। कैसे काम करेगा ये सिस्टम?
सीपी स्वपन शर्मा ने मीडिया को बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम में बैठे अधिकारियों को जैसे ही किसी आपातकालीन वाहन के बारे में सूचना मिलेगी, वे एक बटन दबाएंगे। इससे उस रास्ता पर पड़ने वाली सभी ट्रैफिक लाइटें हरी हो जाएंगी। इससे मरीजों या ट्रांसप्लांट के लिए लाए जा रहे अंगों को ले जाने वाले वाहनों को बिना किसी रुकावट के रास्ता मिल सकेगा। एडीसीपी (ट्रैफिक) गुरप्रीत पुरेवाल और एसीपी (ट्रैफिक) जतिन बंसल ने इस योजना को आगे बढ़ाया है। पुलिस का कहना है कि ट्रायल सफल होने के बाद इस सिस्टम को शहर के अन्य हिस्सों में भी लागू किया जा सकता है। स्मार्ट ट्रैफिक लाइटों का कमाल
यह सिस्टम इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) का हिस्सा है, जिसे प्रशासन ने लागू किया है। आईटीएमएस के तहत लुधियाना में 42 चौराहों पर स्मार्ट ट्रैफिक लाइटें लगाई गई हैं। ये लाइटें सेंसर से रियल-टाइम ट्रैफिक फ्लो के आधार पर टाइमिंग को एडजस्ट करती हैं। नगर निगम जोन-डी और पुलिस लाइन में बना है कमांड सेंटर
नगर निगम जोन डी कार्यालय में कमांड सेंटर होने के अलावा, लुधियाना पुलिस कंट्रोल रूम को भी लाइटों का सीधा एक्सेस है। पुलिस स्थिति के अनुसार लाइटों को मॉनिटर और मैनेज कर सकती है।
इस पहल के तहत, एम्बुलेंस को समराला चौक से चंडीगढ़ रोड पर फोर्टिस अस्पताल तक ग्रीन कॉरिडोर प्रदान किया जा सकता है। पुलिस कंट्रोल रूम से एक बटन दबाकर चंडीगढ़ रोड पर वर्धमान चौक और वीर पैलेस चौक जैसे प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक लाइटों को हरा किया जा सकता है। वाहन के गुजरने के बाद, एक और क्लिक से सामान्य ट्रैफिक लाइट सिस्टम फिर से एक्टिव हो जाएगा।


