लुधियाना के जगराओं स्थित रायकोट क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक सहित दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मृतकों की पहचान विलासपुर के रहने वाले 57 वर्षीय बलवीर सिंह और नूरपुरा निवासी 19 वर्षीय सुखविंदर सिंह के रूप में हुई। थाना सदर रायकोट के इंचार्ज कुलविंदर सिंह ने बताया कि पहला हादसा तब हुआ जब सुखविंदर सिंह बाइक पर तलवंडी से कमालपुरा रोड की ओर जा रहे थे। इस दौरान उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह एक टाहली के पेड़ से जा टकराई। जिससे उसके सिर पर गहरी चोट लग गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल सुखविंदर को राहगीरों ने रायकोट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। टेंपो से टकराई बाइक, अस्पताल में मौत दूसरे मामले में बलवीर सिंह अपने गांव की ओर बाइक पर जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक एक टेंपो से टकरा गई। इस हादसे में बलवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा पुलिस ने हादसों का पता चलते ही मौके पर जाकर जांच कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों मामलों में शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और धारा 194 बीएनएस (174) के तहत कार्रवाई की है।


