लुधियाना में अवैध खनन के खिलाफ धरना:धड़ल्ले से निकाली जा रही रेत से नदी के तटबंध को खतरा, प्रशासन ने रोकने के दिए आदेश

पंजाब के लुधियाना जिले के जगराओं क्षेत्र के सिधवां बेट इलाके के गांव वलीपुर खुर्द में अवैध रेत खनन के विरोध में ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन जम्हूरी किसान सभा पंजाब और पूर्व सांसद अमरीक सिंह आलीवाल के नेतृत्व में आयोजित किया गया। धरने में पंच-सरपंचों सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे। धरने को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद अमरीक सिंह आलीवाल और जिला अध्यक्ष बलराज सिंह कोटुमरा ने अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि खनन जारी रहा, तो नदी तटबंध को नुकसान पहुँच सकता है, जिससे आसपास के गांवों की सुरक्षा और किसानों की फसलें खतरे में पड़ जाएंगी। नेताओं ने यह भी कहा कि क्षेत्र के लोग अभी तक पिछली बाढ़ से हुए नुकसान से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। ऐसे में सरकार द्वारा नए खनन की अनुमति देना फिर से खतरा पैदा कर रहा है। धरने के दबाव के बाद, प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अगले आदेश तक खनन कार्य बंद करने के निर्देश जारी किए और आश्वासन दिया कि स्थानीय लोगों की सहमति के बिना कोई खनन नहीं होगा। इस अवसर पर भूपिंदर सिंह चावला (वलीपुर कला), जगीर सिंह कांगो, वीर सिंह कोटली, सरपंच दर्शन सिंह बिरमी, कांग्रेस नेता रशपाल सिंह तलवाड़ा, चेयरमैन यादविंदर सिंह अलीवाल, नवजोत सिंह संधू, बलविंदर सिंह शेख कुतुब, हरमोहन सिंह वलीपुर, लंबरदार राजिंदर सिंह झमट और हरदेव सिंह अलीवाल नंबरदार सहित कई प्रमुख स्थानीय लोग उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *