लुधियाना में कार-बस टक्कर से लगा जाम:30 मिनट तक नहीं पहुंची पुलिस, लोगों ने संभाला ट्रैफिक, आधे घंटे तक फंसे वाहन

लुधियाना के शेरपुर शिव चौक पर शनिवार को एक बस और कार के बीच हुई जोरदार टक्कर ने यातायात व्यवस्था की पोल खोल दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक निजी बस के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए अचानक कट मारा, जिससे सामने से आ रही कार उससे टकरा गई। कार चालक मेहुल ने बताया कि बस में कंडक्टर भी मौजूद नहीं था और यदि वे समय पर ब्रेक न लगाते तो एक बड़ा जानी नुकसान हो सकता था। हालांकि इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। हादसे के तुरंत बाद शेरपुर शिव चौक पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब आधे घंटे तक यात्री व राहगीर जाम में फंसे रहे। स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी रोष देखने को मिला क्योंकि घटना के काफी समय बाद तक भी कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। स्थिति को बिगड़ता देख स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने खुद मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किनारे कर यातायात को सुचारू करवाया। क्षेत्र के निवासियों और राहगीरों ने शिकायत की है कि इस चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था अक्सर चरमराई रहती है, जिससे आए दिन हादसे और जाम की स्थिति बनी रहती है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस संवेदनशील पॉइंट पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके और आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *