लुधियाना के जगराओं में मंगलवार को जालंधर-बरनाला हाईवे पर किसानों के प्रदर्शन से तनावपूर्ण स्थिति बन गई। विभिन्न किसान संगठनों ने किसान नेता हरदेव सिंह संधू के साथ कथित धोखाधड़ी के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया और जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर बैठने से रोकने पर एक पुलिस अधिकारी और किसान नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। किसान नेता कंवलजीत खन्ना व अन्य नेताओं ने बताया कि कीर्ति किसान यूनियन पंजाब के वरिष्ठ नेता हरदेव सिंह संधू से उनके रिश्तेदारों ने बैंक मैनेजर की मिलीभगत से धोखाधड़ी की है। यह मामला छह वर्षों से लंबित है। पुलिस पर आरोप लगाया कि कई शिकायतों के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, इसलिए धरने में बाधा डालना अनुचित है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग धरने के दौरान किसान संगठनों का एक प्रतिनिधिमंडल जिला पुलिस प्रमुख से मिला। डीएसपी रायकोट हरजिंदर सिंह ढींडसा और एसएचओ हठूर कुलजिंदर सिंह की उपस्थिति में लगभग डेढ़ घंटे तक बैठक चली। इसमें प्रस्तुत चालान में पाई गई खामियों को दूर करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। किसानों ने बैंक धोखाधड़ी के दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग भी रखी। इस प्रदर्शन में क्रांतिकारी केंद्र पंजाब के नेता कंवलजीत खन्ना, बीकेयू उग्राहां के चरण सिंह नूरपुरा, दशमेश किसान मजदूर यूनियन के जसदेव सिंह लालटन, बीकेयू डकौंदा के तरसेम सिंह बसुवाल, जसविंदर सिंह, कीर्ति किसान यूनियन के हरजीत सिंह और ग्रामीण मजदूर यूनियन (मशाल) के नेता मदन सिंह सहित कई किसान नेता मौजूद थे।


