पंजाब के लुधियाना में न्यू राजगुरु नगर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही है। आए दिन किसी न किसी घर को चोर निशाना बना रहे हैं। अब ताजा मामला अमन पार्क नजदीक का सामने आया है।बंद घर की खिड़की तोड़ कर चोर दाखिल हुए। बदमाशों ने घर से करीब 15 तोले सोना, 75 हजार नकदी और कीमती घड़ियां चुरा लीं। भागते हुए चोर सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गए। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में सहम है। इलाका पुलिस की कार्यप्रणाली पर लोग अब सवाल उठा रहे है। पुलिस ने इस केस में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दो दिन के लिए परिवार सहित गए थे हिमाचल जानकारी देते हुए पीड़ित सुनील शर्मा ने कहा कि वह न्यू राजगुरु नगर के रहने वाले है। वह अपने परिवार के साथ दो दिन के लिए हिमाचल प्रदेश गए थे। वह मूलरुप से हिमाचल के रहने वाले है। यहां वह सीके बिरला ग्रुप में मैनेजर के पद पर काम करते है। परिवार से मिलकर जब वह दो दिन बाद घर लौटे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के बाहर खिड़की किसी ने तोड़ी हुई थी। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था। कमरे की अलमारी में रखा करीब 15 तोले सोना, 75 हजार नकदी, कई महंगी घड़ियां गायब थीं। सेफ के ताले बुरी तरह से टूटे मिले। सीसीटीवी में भागते दिखे चोर उन्होंने आस-पास के लोगों से भी घटना संबंधी जानकारी ली, लेकिन किसी को कुछ नहीं पता चला। घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी चेक किए तो खुलासा हुआ कि बाइक सवार 3 बदमाशों ने चोरी की है। भागते हुए चोरों के हाथ में दो थैले भी नजर आए। सुनील मुताबिक उनकी जीवन भर की पूंजी बदमाश लेकर फरार हो हए है। इस मामले में अभी तक पुलिस ने सिर्फ मामला दर्ज किया है, जबकि चोरों के बारे अभी कुछ पता नहीं चल पाया। सुनील ने कहा कि थाना सराभा नगर की पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द चोरों को पकड़ लिया जाएगा।


