लुधियाना में एक हफ्ते में दुकान में दो बार चोरी हुई है। जगराओं के रायकोट अड्डा रोड पर स्थित बर्तनों की दुकान से चोर हजारों रुपए के बर्तन लेकर फरार हो गए। दुकान के मालिक गौरव सोनी ने बताया कि एक हफ्ते पहले भी उनकी दुकान में चोरी हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी। लेकिन पुलिस ने न तो मामला दर्ज किया और न ही कोई कार्रवाई की। देर रात करीब ढाई बजे दो चोर दुकान की पिछली दीवार से होते हुए दुकान के अंदर घुसे और सीढ़ियों के गेट का ताला तोड़कर दुकान में घुसे। चोरों ने पीतल के बर्तनों सहित कीमती सामान चुरा लिया। पहली चोरी में 3 चोरों ने सीसीटीवी कैमरों पर लिफाफे चढ़ाकर वारदात को अंजाम दिया था, जबकि इस बार दो चोरों ने रुमाल से मुंह ढक कर चोरी की। गौरव ने बताया कि पहली चोरी के बाद उन्होंने दुकान की दीवारें ऊंची करवाई थीं, लेकिन इसका भी कोई फायदा नहीं हुआ। लगातार दो चोरियों से क्षेत्र के दुकानदारों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की है।


