लुधियाना में दो गुटों में खूनी झड़प:सोशल मीडिया पर चैलेंज के बाद भिड़े,युवक के पीठ में लगी गोली

पंजाब के लुधियाना में टिब्बा रोड इलाके के शक्ति नगर में दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। इंस्टाग्राम पर चले आ रहे चैलेंज के बाद दोनों गुट आमने-सामने हो गए, जिसके बाद दोनों तरफ से गोलियां चलाई गई। इस घटना में 22 वर्षीय बलराज चौहान नामक युवक घायल हो गया, जिसे पीठ में गोली लगी है। गोली की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई। घायल युवक को तुरंत क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (CMCH) में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों – काका, विष्णु और चाइना की पहचान की है। इंस्टाग्राम पर दी एक-दूसरे को चुनौती
पुलिस के अनुसार, यह टकराव अचानक नहीं हुआ। जांच में पता चला है कि दोनों गुटों ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को खुले तौर पर चुनौती दी थी और शक्ति नगर में मिलकर हिसाब बराबर करने की बात कही थी। सोशल मीडिया पर उकसावे के बाद, दोनों गुट आधी रात के आसपास मौके पर पहुंचे। एक गुट के पास तेज धार वाले हथियार थे, जबकि दूसरे गुट के पास बंदूक भी थी। स्थानीय निवासियों ने गोली की आवाज सुनकर पुलिस को सूचित किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि दोनों गुटों के सदस्य चाकू और अन्य तेज हथियारों से लैस थे। पुरानी रंजिश का है मामला टिब्बा पुलिस स्टेशन के एसएचओ सब-इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने मीडिया को बताया कि दोनों गुटों के बीच पुरानी रंजिश है। उन्होंने कहा कि दोनों गुट पहले भी भिड़ चुके हैं और उनकी दुश्मनी सोशल मीडिया पर जारी थी। वे बार-बार एक-दूसरे को आमने-सामने आने की चुनौती देते थे। शनिवार रात, इंस्टाग्राम पर एक और चुनौती के बाद, दोनों पक्ष शक्ति नगर पहुंचे। एक गुट तेज हथियारों के अलावा बंदूक से भी लैस था और झड़प के दौरान फायरिंग कर दी, जिससे बलराज घायल हो गया। बलराज की हालत स्थिर है, लेकिन अभी तक उसका बयान दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस ने कहा कि हिंसा में शामिल दोनों गुटों के खिलाफ मामले दर्ज किए जाएंगे। अधिकारियों ने यह भी खुलासा किया कि नामजद आरोपियों में से एक काका पहले से ही फायरिंग के एक मामले का सामना कर रहा है, और अन्य संदिग्धों के आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है। पुलिस की टीमें अलग अलग इलाकों में रेड कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *