शहर के दो निवासी साइबर जालसाजों के झांसे में आकर निवेश के नाम पर 82 लाख रुपये की ठगी कर बैठे। साइबर क्राइम थाना और डिवीजन नंबर 8 पुलिस थाने ने जालसाजों के खिलाफ दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। पहले मामले में साइबर क्राइम थाना ने अर्बन एस्टेट निवासी बलजीत सिंह के बयान पर एफआईआर दर्ज की है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सेनेटरी व्यापारी है। फेसबुक पर स्क्रॉल करते समय ऑनलाइन ट्रेडिंग से संबंधित एक विज्ञापन देखा। लिंक पर क्लिक करने पर वह ऑनलाइन ट्रेडिंग के टिप्स और ट्रिक्स से संबंधित एक व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ गया। जल्द बड़ा मुनाफा देने का दिया लालच आरोपियों ने उसे अपने माध्यम से पैसा निवेश कर जल्दी और बड़ा मुनाफा कमाने का लालच दिया। आरोपियों ने उससे अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए। उसने अलग-अलग खातों में कुल 22.18 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में आरोपियों ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया। जब उन्हें अहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है तो उन्होंने 11 नवंबर 2024 को शिकायत दर्ज कराई। बोले-SHO जितेंद्र सिंह… साइबर क्राइम थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर जतिंदर सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 (4) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। 13 आरोपियों पर पुलिस ने पुलिस ने की FIR दर्ज उधर, दूसरे मामले में डिवीजन नंबर 8 पुलिस ने शहर निवासी एक व्यक्ति से 60 लाख रुपये ठगने के आरोप में 13 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने ओडिशा के राजन ई कॉम सॉल्यूशन, इलाहाबाद के एमडी अर्सलान और 11 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। क्लब रोड निवासी शिकायतकर्ता अमित गुप्ता ने बताया कि आरोपियों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश के बहाने उनसे 60 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद आरोपियों ने उनका फोन उठाना बंद कर दिया। आरोपियों के खिलाफ डिवीजन नंबर 8 थाने में आईपीसी की धारा 420, 120बी और सूचना एवं प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।


