लुधियाना की समराला नगर कौंसिल ने किराया बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की है। नगर कौंसिल ने बुधवार को 12 दुकानों को सील कर दिया है। ये दुकानें पिछले 10 से 12 वर्षों से किराया नहीं दे रही थीं। नगर कौंसिल क्लर्क जगरूप सिंह के अनुसार, शहर में कौंसिल की कुल 77 दुकानें हैं। इनमें से 29 दुकानें लंबे समय से किराया नहीं दे रही थीं। इससे नगर कौंसिल को 50 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। किराया न मिलने से विकास कार्यों में परेशानी हो रही थी। दुकानदारों को कई बार नोटिस भेजे कार्यकारी अधिकारी बलवीर सिंह गिल के निर्देश पर विशेष टीम ने कार्रवाई की। सील की गई दुकानों में नए बस स्टैंड की 3, मुख्य चौक की 7, चौबारे की 5 और पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र की 2 दुकानें शामिल हैं। नगर कौंसिल ने पहले कई बार नोटिस भेजे, लेकिन किराएदारों ने कोई जवाब नहीं दिया। अब कौंसिल ने बकाया वसूली के लिए कानूनी कार्रवाई का भी संकेत दिया है। कार्यकारी अधिकारी गिल ने कहा कि नगर की संपत्ति से होने वाली आय से ही विकास कार्य होते हैं। किराया न मिलने का सीधा असर शहर के विकास पर पड़ता है।


