लुधियाना में नशे में धुत युवक ने पुलिस के साथ बदतमीजी की। देर रात रायकोट के बस स्टैंड के पास एक नशे में धुत युवक ने मॉडिफाइड बाइक से रेस लगाकर लोगों को परेशान किया। सूचना पर पहुंची पीसीआर टीम ने जब युवक को रोका तो वह पुलिसकर्मियों से ही उलझ गया। आरोपी की पहचान कलसियां गांव के वरिंदर सिंह के रूप में हुई है। थाना सिटी के एएसआई राजदीप सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर एएसआई कौर सिंह और कॉन्स्टेबल गुरमीत सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जब युवक से बाइक के कागज मांगे तो वह बहस करने लगा। पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाने की कोशिश की। लेकिन नशे में धुत युवक ने अश्लील गालियां देनी शुरू कर दीं। इतना ही नहीं, उसने पुलिसकर्मी की वर्दी पर हाथ भी डाल दिया। भीड़ जमा होने पर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 132, 211, 196 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी से मॉडिफाइड बाइक और दो आईफोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है और मामले की जांच जारी है।


