पंजाब के लुधियाना में एक ब्रेजा कार पलटने का वीडियो सामने आया है। कार ड्राइवर काफी तेज रफ्तार से कार को चला रहा था। अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया, जिस कारण उसने गली में खड़ी एक अल्टिस कार में जबरदस्त टक्कर मार दी। स्टीयरिंग का संतुलन बिगड़ने के कारण गाड़ी पलट गई। पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में ये घटना कैद हो गई। इलाका निवासी गौतम ने बताया कि उनकी कार घर के बाहर खड़ी थी। अचानक से घर के बाहर धमाके के आवाज आई। शोर-शराबा होता देखा, तो पता चला कि किसी कार ड्राइवर ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। कार ड्राइवर की खुद की गाड़ी भी पलटी खाकर उलटी गिर गई। कार चलाने वाला नाबालिग किशोर था। गनीमत रही कि इस हादसे में किशोर बाल-बाल बच गया। जानकारी मिलने कि बाद उसकी मां मौके पर आई और उसे सुरक्षित लेकर चली गई। गौतम ने कहा कि उसकी प्रशासन से मांग है कि उसकी जो कार क्षतिग्रस्त हुए है उसका हर्जाना दिलवाया जाए। उसकी कार फ्रंट और बैक दोनों तरफ से टूट गई है। वहीं बिना लाइसेंस के नाबालिग बच्चे जो कार चलाते है उन पर भी पुलिस सख्त एक्शन ले ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लग सके।


