लुधियाना में आज शनिवार देर शाम पुलिस और गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने स्कॉर्पियो में घूम रहे पांच गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जो एसआई बलविंदर सिंह की पगड़ी में जा लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी के पैर में गोली है। घटना जगराओं के सिधवां बेट इलाके की है। एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता के अनुसार, सीआईए स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग स्कॉर्पियो में गांव जंडी के कच्चे रास्ते पर घूम रहे हैं। पुलिस ने नाकाबंदी की और गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। पुलिसकर्मी के डंडे से गाड़ी का शीशा टूटने के बाद गाड़ी पेड़ से टकरा गई। आरोपी अजमद मसीह ने गाड़ी से उतरकर पुलिस पर फायरिंग की। गोली पुलिसकर्मी बलविंदर सिंह की पगड़ी को छूकर निकल गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में अजमद घायल हो गया। अन्य चार आरोपियों की पहचान बलराज सिंह, अर्जुन सिंह, मनप्रीत सिंह और साजन निवासी तारणतारण के रूप में हुई है। हैंड ग्रेनेड बरामद
पुलिस ने आरोपी अर्जुन से एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया है, जिसे बम निरोधक दस्ते द्वारा नष्ट किया जाएगा। आरोपियों से पिस्तौल और कारतूस भी बरामद हुए हैं। थाना सिधवां बेट में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए अपनी गाड़ी के आगे की नंबर प्लेट उतार रखी थी। जबकि पीछे वाले नंबर पर मिट्टी लगा रखी थी। ताकि पुलिस को चकमा देकर फरार होने पर पुलिस उन्हें ढूंढ ना सके। पुलिस के सूत्रों को मुताबिक पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हैंड ग्रेनेड और हथियार आए है। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुला कर जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता करने में जुटी है आरोपी इस एरिया में क्या करने आए थे और इनके किस गैंग से संबंध है।


