लुधियाना देहात पुलिस ने रविवार को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस ने कासो ऑपरेशन के तहत माईजीना इलाके में कई घरों की तलाशी ली। पुलिस ने नशा तस्करों के घरों में जाकर अलमारी, बेड और फरोले तक की जांच की। इलाके में आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की भी जांच की गई। लोगों से उनके मोहल्ले में आने का कारण पूछा गया और वाहनों के कागजात चेक किए गए। एसएसपी गुप्ता ने नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि नशा बेचने वालों को जेल भेजा जाएगा। साथ ही नशा करने वालों को नशा मुक्ति केंद्रों में भर्ती कराया जा रहा है। यह अभियान लुधियाना देहात के थाना रायकोट सिटी, सदर और आसपास के गांवों में भी चलाया गया। हालांकि, पुलिस को इस कार्रवाई में कोई खास सफलता नहीं मिली। एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि नशा तस्करों की मदद करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


