पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी का मंगलवार देर शाम जगराओं पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। रानी झांसी चौक पर रविंदरपाल सिंह राजू कॉमरेड और सुखविंदर सिंह सिद्धू के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान चन्नी को हाल ही में पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते कांग्रेस से निष्कासित किए गए चार नेताओं के बारे में बताया गया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने पार्टी के फैसले को सही ठहराया। चन्नी ने स्पष्ट कहा कि अनुशासनहीनता और कांग्रेस की पीठ में छुरा घोंपने वालों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गुरदीप सिंह भैणी को किया नमन इसके बाद पूर्व सीएम चन्नी पास के गांव भैणी अरायां पहुंचे। उन्होंने पूर्व विधायक गुरदीप सिंह भैणी के निधन पर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने गुरदीप सिंह भैणी को बेदाग, निडर और सिद्धांतों वाला नेता बताया, जिनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। विरोधियों पर बोला हमला मीडिया से बातचीत में चन्नी ने विरोधियों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उनकी सोच पूरी तरह धर्मनिरपेक्ष है। पार्टी सभी धर्मों, वर्गों और समुदायों का बराबर सम्मान करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को बदनाम करने और मजबूत होती पार्टी को कमजोर करने के लिए जानबूझकर शरारती बयान दिए जा रहे हैं। चन्नी ने कहा, “ये साजिशें कांग्रेस को रोक नहीं सकतीं। अगर आम लोग कांग्रेस का साथ देंगे तो ऐसे शरारती तत्वों के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।” अपने मुख्यमंत्री के कार्यकाल का किया जिक्र चन्नी ने मुख्यमंत्री रहते अपने तीन महीने के सीमित कार्यकाल का भी जिक्र किया। चन्नी ने बताया कि उस दौरान बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के लिए काम किया गया, जिसकी मिसालें आज भी मौजूद हैं।चन्नी की जगराओं यात्रा ने कांग्रेस की सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दिया है। सुखविंदर सिंह सिद्धू से मिले अपने करीबी सहयोगी सुखविंदर सिंह सिद्धू से विशेष तौर पर मिलने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री की इस फेरी को पार्टी गलियारों में आने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। कई लोग रहे मौजूद इस मौके पर पूर्व चेयरमैन मेजर सिंह भैणी, रविंदरपाल सिंह राजू कॉमरेड, सुखविंदर सिंह सिद्धू, सुरिंदर सिंह टीटू ठेकेदार,पार्षद जरनैल सिंह लोहट, सुरेश गर्ग, सहित कई कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


