लुधियाना में फर्जी CIA स्टाफ के दो कर्मचारी गिरफ्तार:युवक-युवती को डराकर पैसे और सोने की बालियां छीनी थीं, CCTV से हुई पहचान

लुधियाना जिले की खन्ना पुलिस ने सीआईए स्टाफ के दो कथित फर्जी कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इन पर लोगों को डरा-धमका कर पैसे वसूलने का आरोप है। यह मामला तब सामने आया जब यादविंदर सिंह अपनी दोस्त के साथ खन्ना के एएस कॉलेज के पास खाटू धाम इलाके में कार में बैठे थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की अर्टिगा कार वहां रुकी। कार से उतरे दो युवकों ने खुद को सीआईए स्टाफ का सदस्य बताया। उन्होंने यादविंदर सिंह और उसकी दोस्त को धमकाना शुरू कर दिया, उनके मोबाइल फोन छीन लिए और थाने ले जाने की धमकी दी। आरोपियों ने यादविंदर सिंह से पैसों की मांग की। डरकर यादविंदर सिंह ने गूगल पे के जरिए 6700 रुपए ट्रांसफर किए। इसके अतिरिक्त, आरोपियों ने उससे 4800 रुपये नकद भी छीन लिए। आरोपियों ने यादविंदर की दोस्त के कानों से सोने की बालियां भी जबरन उतार लीं और मौके से फरार हो गए। CCTV और तकनीकी जांच से हुई आरोपियों की पहचान घटना के बाद यादविंदर सिंह ने सदर थाना खन्ना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और तकनीकी जांच की गई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर ली। जांच के उपरांत, पुलिस ने दोनों कथित फर्जी सीआईए कर्मचारी परगट सिंह और रमनप्रीत सिंह, निवासी गांव नौलड़ी, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों को धमकाते थे और उनसे पैसे व कीमती सामान लूटते थे। खन्ना पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति खुद को पुलिस अधिकारी बताकर डराने-धमकाने का प्रयास करे, तो उसकी पहचान की पुष्टि करें और तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। पुलिस ने कहा कि ऐसे फर्जी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *