लुधियाना में फिर शुरू होगा रेलवे ओवरब्रिज का काम:केंद्र से मिली मंजूरी, 70 करोड़ होंगे खर्च, डेढ़ साल में पूरा होगा काम

लुधियाना के दोराहा में रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) परियोजना का काम 20 साल के इंतजार के बाद फिर से शुरू हो गया है। केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद इस लंबित परियोजना को हरी झंडी मिल गई है, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है। यह रेलवे ओवर ब्रिज लगभग 70 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया जाएगा। परियोजना को डेढ़ साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना को लेकर लंबे समय से राजनीतिक खींचतान चल रही थी। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और पायल से आम आदमी पार्टी के विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा के बीच इस मुद्दे पर तीखी बयानबाजी हुई थी। केंद्रीय रेल राज्यमंत्री रवनीत बिट्‌टू ने दी जानकारी केंद्रीय रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर काम शुरू होने की जानकारी दी। वहीं, विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने मौके पर पहुंचकर चल रहे काम का जायजा लिया। इस दौरान विधायक ग्यासपुरा ने केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि दोराहा के लोगों को वर्षों से हो रही परेशानी से निजात दिलाना है। विधायक ग्यासपुरा ने बताया कि इस बार रेलवे ओवर ब्रिज का डिजाइन बदला गया है, ताकि इसकी मियाद 100 साल से अधिक हो और भविष्य में कोई तकनीकी समस्या न आए। रेलवे विभाग ने जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया है। विधायक ने दिया सीएम भगवंत मान को धन्यवाद उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया। ग्यासपुरा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने लगातार केंद्र सरकार से संपर्क बनाए रखा और अधिकारियों के साथ बैठकें कीं, जिसके परिणामस्वरूप यह परियोजना आगे बढ़ सकी। गौरतलब है कि दोराहा में रेलवे ओवर ब्रिज न होने के कारण लोगों को रोज़ भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। खासकर रोपड़, श्री आनंदपुर साहिब और चंडीगढ़ की ओर आने जाने वाले यात्रियों के लिए यह रास्ता बड़ी समस्या बना हुआ है। रेलवे फाटक बंद रहने से अक्सर लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता है और लोगों का कीमती समय बर्बाद होता है। अब ब्रिज बन जाने के बाद रोज़ाना हजारों लोगों को राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों ने प्रोजेक्ट के दोबारा शुरू होने पर खुशी जताई है और इसे दोराहा व आसपास के इलाकों के लिए विकास की नई शुरुआत बताया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *